राहुल गांधी की यात्रा के बीच जम्मू के नरवाल में दो बम विस्फोट, 6 घायल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू कश्मीर में पहुँचने के बीच शनिवार को जम्मू के साथ लगते नरवाल इलाके में दो विस्फोट हुए हैं। इनमें 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक यह विस्फोट जम्मू रेलवे स्टेशन के साथ लगते नरवाल में जहाँ हुए वहां कबाड़ का काम भी होता है। हो सकता है कि कबाड़ के बीच कोई विस्फोटक हों, जिसमें यह धमाके हुए।

इन विस्फोटों में छह लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की हालत काफी गंभीर बताई गयी है। फिलहाल घटना की जांच कर रही है। अभी यह पता नहीं चला है कि यह  विस्फोट कैसे और किस कारण से हुए।

बता दें कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस समय भारत जोड़ो यात्रा के साथ जम्मू कश्मीर में हैं लिहाजा सुरक्षा एजेंसियां भी काफी चौकन्नी हैं। उनकी सुरक्षा का वहां विशेष इंतजाम किया गया है। राज्य में इसके दृष्टिगत हाई अलर्ट भी जारी किया गया है।

विस्फोट की जानकारी के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पूरा इलाका घेर लिया। धमाकों की जांच की जा रही है। सभी घायल अस्पताल में भर्ती किये गए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि वहां खड़े पुराने वाहनों में आईईडी लगाकर धमाका किया गया।