राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने पूरे किये 100 दिन, आज जयपुर में कार्यक्रम

राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने शुक्रवार को 100 दिन पूरे कर लिए। कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा 3500 किलोमीटर से ज्यादा चलकर कश्मीर तक जानी है। यात्रा में राहुल गांधी लगातार मौजूद रहे हैं। आज यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसमें जानी मानी गायिका सुनिधि चौहान गीतों का लाइव परफॉर्मेंस देंगी।

यात्रा आज दौसा से जयपुर पहुँच रही है। वहीं सुनिधि चौहान परफॉर्म करेंगी। कार्यक्रम में राहुल गांधी भी रहेंगे। राहुल गांधी ने दौसा में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की है जिसमें उन्होंने देश की एकता पर जोर दिया है। यात्रा का राजस्थान में आज आठवां दिन है। राहुल गांधी 19 दिसंबर को अलवर में सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से गुजर चुकी है। यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और उसके बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान ही कांग्रेस ने हिमाचल में विधानसभा का चुनाव भाजपा को हराकर बड़े बहुमत के साथ जीता है। हिमाचल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित सभी जीते 40 विधायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी आज राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल हुए हैं। कल तक यह उनके साथ रहेंगे।