राष्ट्रपति ट्रंप को 33 लाख रुपये पॉर्न स्टार स्टॉर्मी को देने का निर्देश

अमेरिकी अदालत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पॉर्न एक्ट्रेस स्टॉर्मी डेनियल्स को 44,100 डॉलर ( 33 लाख रुपये) देने का निर्देश दिया है। पॉर्न स्टार स्टॉर्मी का कहना है कि उनका ट्रंप के साथ अफेयर था। हालांकि, ट्रंप इससे लगातार  इनकार करते रहे थे।
कैलिफोर्निया की अदालत ने ट्रंप को स्टॉर्मी डेनियल्स को उनकी कानूनी लड़ाई के लिए वकील के शुल्क के रूप में 33 लाख रुपये देने के आदेश दिए। एक दशक पहले उनके संबंधों के बारे में खामोश रहने के बदले में किए गए करार को डेनियल्स ने रद्द कर दिया था, जिसके बाद अदालत का यह फैसला आया है।
डेनियल्स के वकील ने कोर्ट के फैसले की जानकारी दी। स्टॉर्मी डेनियल्स ने फैसले के बाद ट्वीट किया- हां, एक और जीत!
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ‘2016 के राष्ट्रपति चुनाव के ठीक 11 दिन पहले हुए समझौते पर डेनियल्स ने ट्रंप के खिलाफ मुकदमा जीत लिया है। समझौते के मुताबिक, केस हारने वाली पार्टी को वकीलों की फीस अदा करने होगी।
राष्ट्रपति के तत्कालीन निजी वकील माइकल कोहेन ने डेनियल्स को 1,30,000 डॉलर  (97.40 लाख रुपये) दिए थे। डेनियल्स ने अपने कानूनी नाम स्टेफनी क्लिफॉर्ड के नाम से केस दायर किया था। ट्रंप के निर्वाचित होने के बाद डेनियल्स ने समझौते को खत्म करने के लिए मामला दायर किया।
राष्ट्रपति ट्रंप ने मई 2018 में ट्विटर पर स्वीकार किया था और कहा था कि उन्होंने डेनियल्स को दी गई राशि अपने वकील कोहेन को अदा की थी। वहीं, डेनियल्स का कहना था कि ट्रंप के साथ कथित अफेयर के बाद उन्हें चुप रहने के लिए पैसे दिए गए। इसके लिए बाकायदा समझौता किया गया था।