राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की आज होगी गिनती

देश के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए पड़े वोटों की आज गिनती होगी। भारत के 15वें राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मू और संयुक्त विपक्ष उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच सीधा मुकाबला है।

मतदान से पहले के रुझानों से जाहिर होता है कि एनडीए की उम्मीदवार मुर्मू ज्यादा दलों का समर्थन हासिल करने में सफल रही हैं। यदि जीतीं तो द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। उनसे पहले एक महिला के रूप में प्रतिभा पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति थीं।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मत पड़े थे। इन मतों की गिनती 11 बजे संसद भवन में शुरू होगी। चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं। इस कक्ष में मतपत्रों की चौबीस घंटे कड़ी सुरक्षा की जा रही है। चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पीसी मोदी गुरुवार को मतगणना की निगरानी करेंगे।

आज शाम तक नतीजे घोषित हो जाएंगे। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। नया राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ ग्रहण करेगा।