राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए रोहित शर्मा, फोगाट, मनिका, थंगावेलू के नाम की सिफारिश

क्रिकेटर रोहित शर्मा, एशियन स्वर्ण पदक विजेता पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस चैंपियन मनिका बत्रा और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलू देश के उन चार खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनके नाम की सिफारिश देश के सबसे बड़े खेल सम्मान ‘राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार’ के लिए की गयी है। उधर अर्जुन पुरस्कार के लिए खेल मंत्रालय चयन समिति ने क्रिकेटर ईशांत शर्मा और तीरंदाज अतनु दास सहित 29 खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की है।
याद रहे द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार के लिए नामों की सिफारिश सोमवार को ही कर दी गयी थी। द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कारों के लिए क्रमश: 13 और 15 खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गई है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार शामिल हैं, जो हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति देते हैं। उस दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन होता है।
बता दें क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर खेल रत्न हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी थे, जिन्हें 1997-1998 में यह सम्मान मिला। साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी और 2018 में विराट कोहली को भी यह सम्मान मिला था।
इस साल जूनियर भारतीय पिस्टल टीम के मुख्य कोच जसपाल राणा, ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले सौरभ चौधरी और मनु भाकर को द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए चुना गया है। राणा को पिछले साल यह अवॉर्ड नहीं मिलने पर बहुत विवाद हुआ था। राणा के अलावा डेविस कप टीम के कप्तान और कोच रहे नरेश कुमार और पूर्व हॉकी कप्तान और जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच जूड फीलिक्स के नाम की सिफारिश द्रोणाचार्य के लिए हुई है।
इस बार कोविड-19 के चलते राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह ऑनलाइन आयोजित हो सकता है। ऐसा होने पर विजेता अपने-अपने स्थानों से 29 अगस्त को लॉग इन करके अपने नामों की घोषणा होते हुए सुनेंगे।
जहां तक राजीव गांधी खेल रत्न की बात है रोहित शर्मा जबरदस्त फ़ार्म में हैं। साल 2019 के लिए उन्हें वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया, आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के एक संस्करण में पांच वनडे शतक लगाने वाले और टी20 इंटरनेशनल में चार शतक जमाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उधर महिला पहलवान विनेश फोगाट 2018 में कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं जबकि 2019 एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता। थंगावेलु ने 2016 के रियो पैरालंपिक में  टी42ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीता था। पैडलर मनिका ने 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक और महिला एकल में कांस्य पदक जीता था।