राजस्थान में आज मंत्रिपरिषद की बैठक, फिर होगी राज्यपाल से विधानसभा सत्र की मांग

राजस्थान में गहलोत मंत्री परिषद् की शनिवार शाम 4 फिर बैठक बुलाई गयी है जिसमें राज्यपाल से विधानसभा का सत्र दोबारा बुलाने के लिए प्रस्ताव पास किया जाएगा। पिछली रात भी राज्यपाल के सत्र को लेकर उठाए गए कुछ सवालों पर चर्चा के लिए गहलोत मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने विधानसभा सत्र को लेकर सत्तापक्ष से कुछ सवाल किए हैं जिनमें छह बिंदु शामिल हैं। मंत्रिपरिषद् की आज की बैठक में इनका जवाब राज्यपाल को भिजवाएगी। मंत्रिपरिषद की बैठक का समय भी बदला गया है लेकिन अब इसके लिए अब 4 बजे का समय तय किया गया है।

याद रहे गहलोत शुक्रवार शाम अपने समर्थक विधायकों के साथ राजभवन गए थे और राज्यपाल से मिलकर विधानसभा का सत्र बुलाने का आग्रह किया था। जिसके बाद राज्यपाल कलराज मिश्र ने यह भी कहा था कि अभी मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इसके अलावा भी उन्होंने कुछ सवाल किये थे।

इसके बाद राजभवन परिसर में कांग्रेस विधायकों ने धरना दिया था। बाद में इस  मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम गहलोत ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री गहलोत ने सभी विधायकों से कहा, गांधीवादी तरीके से पेश आना है। ये हमारे राजप्रमुख हैं संविधान के हेड हैं। हम कोई टकराव नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि ऐसा देश के इतिहास में कभी नहीं हुआ कि राज्यपाल महोदय ने विधानसभा सेशन आहूत करने के लिए मंजूरी न दी हो। राज्यपाल महोदय केबिनेट के निर्णय से बंधे होते हैं। गहलोत ने कहा था – ”लगता है कि ऊपर से दबाव के कारण विधानसभा सत्र बुलाने के कैबिनेट के प्रस्ताव को अभी तक मंजूरी नहीं मिली है”।