राजस्थान के जोधपुर में ईद की नमाज के बाद दो गुटों में हुई झड़प, इलाके में इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड

राजस्थान के जोधपुर में ईद से पहले यानी सोमवार को पथराव की घटना हुई, जिसके चलते इलाके में प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं को सस्पेंड कर दिया हैं। सूत्रों के अनुसार जालोरी गेट इलाके में यह झड़प दो गुटों के बीच झंडा फहराने को लेकर हुई। विवाद के चलते ईद की नमाज पुलिस सुरक्षा में अदा की गई।

जानकारी के अनुसार जोधपुर में परशुराम जयंती का तीन दिवसीय उत्सव चल रहा है जिसमें धार्मिक झंडे भी लगाए गए है। इस विवाद ने संघर्ष का रूप तब लिया जब धार्मिक झंडे को लेकर दोनों गुटों के बीच झड़प ने हिंसा का रूप ले लिया।

तनावपूर्ण स्थिति के चलते स्थानीय इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किए है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना की कड़ी निंदा की है साथ ही लोगों को शांति बनाए रखने को कहा है।

अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि, “जोधपुर, मारवाड़ की प्रेम एवं भाईचारे की परंपरा का सम्मान करते हुए मैं सभी पक्षों से मार्मिक अपील करता हूं, कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।“