राजस्थान की सरदारशहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव, शुरुआती रुझानों में कांग्रेस के प्रत्याशी आगे

राजस्थान के चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई हैं। और शुरुआती रूझान में सत्तारूढ़ कांग्रेस के प्रत्याशी अनिल कुमार शर्मा आगे चल रहे हैं।

बता दें निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार साढ़े नौ बजे तक की गिनती में कांग्रेस के प्रत्याशी अनिल कुमार शर्मा को 6,853 मतों के साथ पहले नंबर पर थे। वहीं दूसरी तरफ भाजपा के अशोक पींचा 3,862 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर थे।

राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि, मतगणना सुबह 8 बजे आरंभ हो गई थी। वोटों की गिनती चूरू के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में हो रही है, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारी ने आगे बताया कि, मतगणना स्थल पर दो मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। एक कक्ष में रिटर्निंग अधिकारी और दूसरे में सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा वोटों की गिनती करवाई जा रही हैं। और प्रत्येक कक्ष में दस-दस मतगणना टेबल लगाई गई हैं, जिन पर 15 राउंड में गणना पूरी होगी।

सोमवार को इस विधानसभा सीट पर 72.09 मत प्रतिशत रहा था। यह सीट कांग्रेस नेता और विधायक भंवर लाल शर्मा के लंबी बीमारी के चलते 9 अक्टूबर को हुए निधन के बाद खाली हुई थी। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,89,843 मतदाता हैं।

कांग्रेस ने इस सीट पर भंवर लाल शर्मा के बेटे अनिल कुमार जबकि भाजपा ने इस सीट पर पूर्व विधायक अशोक को उतारा था। साथ ही इस सीट पर अन्य आठ उम्मीदवारों ने भी अपनी किस्मत आजमाई थी। इनमें राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के लालचंद, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के सांवरमल मेघवाल, इंडियन पीपल्स ग्रीन पार्टी के परमाना राम और स्वतंत्र उम्मीदवार सुभाष चंद्रा, विजय पाल सिंह शेओरन, उमेश साहू, प्रेम सिंह और सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित हैं।

आपको बता दें, राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के फिलहाल 107 विधायक, भाजपा के 71 और आरएलपी के 3 विधायक हैं। सीपीआई (एम) और भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो-दो, राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के एक हैं।