यूपी में रैंडम सैंपल में कोरोना पॉजिटिव से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

उत्तर प्रदेश मे कोरोना संक्रमित मरीज रैंडम सैंपल परीक्षण में सामने आ रहे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। पहले से सील और चिह्नित क्षेत्रों के बाहर रैंडम केस मिलना परेशानी का कारण बन सकता है। अब तक मथुरा में दो केस रैंडम सैंपल के दौरान पाए गए हैं। दोनों का यात्रा इतिहास नहीं होने से संक्रमण कैसे फैला यह पहेली बन गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने दोनों परिवारों के सदस्यों समेत कई के सैंपल लिए हैं। फिलहाल दोनों के परिजन क्वारंटाइन कर दिए हैं। दोनों संक्रमित अपने परिवार के साथ रह रहे थे। पहला केस 22 अप्रैल को बलदेव के गांव सेहत में निकला था। यहां रहने वाला ग्रामीण आगरा में सब्जी विक्रेता है। आए दिन आगरा आवाजाही होती थी।
बता दें कि यूपी में आगरा हॉट स्पॉट है। सबसे ज़्यादा केस यहीं से आये हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सब्जी विक्रेता का रैंडम सैंपल लिया। दो दिन बाद आई रिपोर्ट में सब्जी विक्रेता कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद सब्जी विक्रेता के परिवार के साथ आसपास के लोगों के सैंपल लेकर क्वारंटाइन कर दिया गया है।
अब पूरे गांव में सर्वे कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं गांव छटीकरा क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय महिला का रैंडम सैंपल भी कोरोना पॉजिटिव निकला, इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी परेशान हैं। बताया जाता है कि महिला का यात्रा इतिहास नहीं होने से संक्रमण कैसे फैला यह पहेली बन गया है।