यूपी भाजपा अध्यक्ष के भाई की पुत्रवधू कांग्रेस में शामिल

लोकतंत्र की मजबूती की लड़ाई वाराणसी से ही लड़ी जाएगी : प्रियंका

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय की पुत्रवधू अमृता पांडेय बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के वाराणसी दौरे में कांग्रेस में शामिल हो गईं। पीएम मोदी के गढ़ वाराणसी के दौरे में प्रियंका ने जनसभा में केंद्र सरकार पर जमकर हमला किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश में नयी राजनीति शुरू करना चाहती हैं। उन्होंने कहा – ”इसलिये गंगा के सहारे, गंगा के रास्ते आयी हूं। मोदी सरकार ने मजदूरों और किसानों के लिए कुछ काम नहीं किया है। बीएचयू में छात्राओं ने अपनी आवाज़ उठायी तो उन्हें लाठियां मारी गयीं। वहां लड़कियों को अपनी बात कहने का हक नहीं है। ये लोकतंत्र नहीं है।”
गांधी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने की लड़ाई वाराणसी से ही लड़ी जाएगी।  ये एक तरह से आज़ादी की लड़ाई है। ”अगर हो सके तो हमारे उम्मीदवार को वाराणसी से जरूर जिताएं।” इस मौके पर कांग्रेस में शामिल हुईं अमृता पांडेय से प्रियंका ने मजाक में पूछा कि आप पार्टी ज्वॉइन कर रही हैं, आपके ससुर जी नाराज तो नहीं हो जाएंगे? बता दें, अमृता यूपी भाजपा अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय की पुत्रवधू हैं।
भाजपा-कांग्रेस कार्यर्ताओं के बीच मारपीट मामले पर प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी राजनीति मारपीट की नहीं है। ”कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंग्रेजों की लाठियां सही, मार खाई पर हाथ नहीं उठाया। आज इस देश में अंग्रेजों जैसी तानाशाही की स्थिति है।  बस फर्क यही है कि ये हिंदुस्तानी तानाशाह है।”
प्रियंका से नीरव मोदी की गिरफ्तारी पर भी सवाल पूछा गया। गांधी ने कहा – ”क्या नीरव मोदी को गिरफ्तार करना उपलब्धि है, जाने किसने दिया था?”
वाराणसी में रैली को संबोधित करने के बाद प्रियंका गांधी शहीद विशाल पांडेय के घर पहुंचीं। जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में वायु सेना के एमआई-१७  हेलीकॉप्टर हादसे में वाराणसी निवासी सार्जेंट विशाल पांडेय शहीद हो गए थे।