यूपी : पहले चरण में 58 सीटों पर 60.17 फीसदी वोट, पिछली बार से कम मतदान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार 60.17 फीसदी मतदान हुआ है। आज 11 जिलों की 58 सीटों पर सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चला। यह मतदान पांच साल पहले इन सीटों पर हुए मतदान के मुकाबले कुछ कम है। तब 63.1 फीसदी मत पड़े थे।

पहले चरण में शाम 6 बजे तक यूपी की 58 विधानसभा सीटों पर 60.17 फीसदी मतदान हुआ। सबसे ज्यादा मतदान कैराना में 75.12 फीसदी और सबसे कम साहिबाबाद में 45 फीसदी हुआ। साल  2017 में इन सीटों पर कुल 63.1 फीसदी  वोटिंग हुई थी। उस वक्त सबसे ज्यादा मेरठ जिले की सरधना सीट पर 71.5 फीसदी  वोट पड़े थे।

आज कुछ जगह ईवीएम मशीनों के खराब होने की शिकायतें मिलीं थीं। उधर मुज़फ्फरनगर में एक भाजपा नेता पर एक व्यक्ति की पिटाई करने का आरोप लगा है। इस बीच आरएलडी के मुखिया जयंत चौधरी मथुरा में अपना वोट नहीं डाल पाए।

किसान बहुल सभी 58 सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा के लिए कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। जिन 58 सीटों पर आज मतदान हुआ, 2017 के चुनाव में इनमें से 53 सीटें भाजपा ने जीते थीं। इस चुनाव में इन सीटों पर 9 मंत्री भी मैदान में हैं।