यूपी के डाक्टर कफील को लेकर प्रियंका गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, रिहाई की मांग  

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के डॉ. कफील खान की रिहाई के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है। प्रियंका ने इसमें योगी से कहा है कि सरकार संवेदनशीलता परिचय देते कफील को न्याय देने की मांग की है।

दो दिन पहले ही प्रियंका गांधी ने गाजियाबाद के व्यवसायी विक्रम त्यागी के लापता होने और इससे उनके परिवार की परशानी को लेकर भी सीएम योगी को पत्र लिखकर चिंता जताई थी। याद रहे त्यागी करीब एक महीने से गायब हैं और उनके परिवार को आशंका है कि उनका अपहरण हुआ है। परिवार के कई बार के आग्रह के बावजूद यूपी पुलिस और प्रशासन ने त्यागी को ढूंढ़ने को लेकर कुछ नहीं किया है।

यूपी कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल भी दो दिन पहले त्यागी के परिजनों से मिला था। इसके बाद प्रियंका ने योगी को पात्र लिखा जिसमें उन्होंने कहा – ”वे बहुत ही चिंतित और परेशान हैं। कृपया उनकी मदद करें और पुलिस अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित करें कि पूरी तरह से उनकी सहायता की जाए।”

कांग्रेस नेता ने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश में अपहरण की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है और ऐसे में पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पूरी मुस्तैदी और दक्षता से कार्रवाई करें। पहले भी प्रियंका ने यूपी में हो रही अपहरण घटनाओं का जिक्र करते हुए योगी को पत्र लिखकर कहा था कि मुख्यमंत्री प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक करें क्योंकि जनता परेशान है।

उधर अब गुरूवार को प्रियंका ने कफील खान का मामला उठाया है। प्रियंका ने कहा कि उनकी पत्नी शाबिस्ता ने बताया था कि जेल में उसके पति की जान को खतरा है। उन्हें अधिक सुरक्षा दिए जाने की मांग की थी। शाबिस्ता ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को भी पत्र लिखा है जिसमें पति के  लिए सुरक्षा की मांग की है। उनका आरोप है कि उनके पति को जेल में प्रताड़ित किया जा रहा है और उनसे गरिमा के खिलाफ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है साथ ही उनकी हत्या की आशंका भी उन्होंने जताई है।