मूसलाधार बारिश से मुंबई ठप!

आज सरकार ने घोषित की सार्वजनिक छुट्टी! दीवार गिरने से दर्जनों की मौत। सहायता के लिए इंडियन नेवी आई।

मुंबई के साथ साथ ठाणे, नई मुंबई व आसपास के क्षेत्रों में दूसरे दिन भी लगातार बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। रात भर बारिश होती रही जिसके चलते मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल रेलवे की तीनों रूट Western, Central और Harbour ठप पड़ गई हैं। मुंबई के पश्चिमी उपनगर मलाड के पिंपरी पाड़ा इलाके में दीवार गिर जाने से 18 लोगों की मौत की खबर है। यह दुर्घटना रात को 2:00 बजे के करीब हुई। खबर मिलते ही बचाव कार्य शुरू हो गया था घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया। इसी तरह की एक और अन्य घटना में कल्याण में स्कूल की दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।

लगातार मूसलाधार बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने आज सार्वजनिक छुट्टी जाहिर की है। सरकार के अनुसार मुंबई और आसपास के इलाकों के नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग ने भी अगले 4 दिनों तक बारिश रहने की संभावना व्यक्त की है। ठाणे और पालघर में मूसलाधार बारिश की चेतावनी इन्हें स्थानीय लोगों को अलर्ट कर दिया है।

लगातार बारिश के चलते मीठी नदी में पानी भर गया है। अपने खतरे के निशान से ऊपर बह रही मीठी नदी के उफान के चलते आसपास के इलाकों में रहने वालों की जिंदगी खतरे में पड़ सकती है। मद्देनजर इन इलाकों से लोगों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है। मीठी नदी के हद से लगे कुर्ला धारावी इलाके में फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए इंडियन नेवी पहुंच गई है।

लगातार गरजते बरसते बरसात में मुंबई महानगर पालिका बीएमसी को मजबूर कर दिया कि वह इंडियन नेवी को राहत कार्य के लिए बुलाएं। नागरिकों को बचाने के लिए इंडियन नेवी की आई एन एस तानाजी अपने लाव लश्कर के साथ सक्रिय हो गयी। पानी में फंसे लोगों को बचाने के लिए नेवी की टीम लाइफ जैकेट्स का प्रयोग कर रही है। वृद्ध नागरिकों को और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। नेवी , NDRF और फायर ब्रिगेड ने मिलकर तकरीबन हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में सफलता पाई है। हालांकि इस कार्य में स्थानीय लोगों की मदद भी महत्वपूर्ण रही। फिलहाल नेवी की टीम चौकस होकर कार्यों में जुटी हुई है।