मुस्लिम विरोधी नारे लगाने के मामले में अश्विनी उपाध्याय समेत छह गिरफ्तार

दिल्ली के ऐतिहासिक धरना स्थल जंतर-मंतर पर आठ अगस्त को ‘भारत जोड़ो आंदोलन’ कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक और भड़काऊ नारेबाजी के मामले में पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के वकील और भाजपा से जुड़े रहे नेता अश्विनी उपाध्याय समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम विरोध नारे लगाए गए थे, जिनका वीडियो सोशल मीडिया में वायर हो गया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जिसके बाद यह मामलां संसद तक में गूंजा था।

कनॉट प्लेस थाने में सोमवार को मामला दर्ज किए जाने के बाद  सोमवार देर रात ही पूछताछ के लिए अश्विनी उपाध्याय समेत बाकी लोगों को थाने तलब किया गया था। करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त दीपक यादव ने मंगलवार दोपहर इनकी गिरफ्तारी की जानकारी दी। मामले में अपराध शाखा ने भी कुछ आरोपियों से पूछताछ की। मामले की छानबीन जारी है।

पुलिस उपायुक्त दीपक यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान भाजपा के पूर्व प्रवक्ता और सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी उपाध्याय, प्रीत सिंह, दीपक सिंह, दीपक कुमार, विनोद शर्मा और विनीत बाजपेयी हैं। प्रीत सिंह सेव इंडिया फाउंडेशन का निदेशक है। इस फाउंडेशन के बैनर तले विवादित ार्यक्रम का आयोजन किया गया था। पुलिस ने कहा था कि इस कार्यक्रम की अनुमति भी नहीं ली गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत में यहां पर करीब 50 लोग इकट्ठा हुए थे। इसके बाद धीरे-धीरे इनकी संख्या और बढ़ गई। बाद में सैकड़ों लोगों के जमा होने का दावा किया गया। इन लोगों ने यहां एक धर्म विशेष के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर घोर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उसी दिन इसका वीडियो वायरल हो गया। जिसके बाद कई लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने इस संबंध में नफरत फैलाने व सरकारी आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। आरोपियों में पिंकी चैधरी का नाम भी शामिल है। इससे पहले वर्ष 2020 में जेएनयू में हुए बवाल में भी पिंकी चैधरी ने हमला करने की जिम्मेदारी ली थी। पिंकी पर गाजियाबाद में अरविंद केजरीवाल पर हमला करने का भी आरोप है।
वकील अश्विनी उपाध्याय सोमवार देर रात 3 बजे कनॉट प्लेस थाने पहुंचे और पूछताछ में शामिल हुए। उसने पुलिस के सामने अपने आपको बेकसूर बताकर मामले से पल्ला झाड़ने की कोशिश की। उसने दावा किया कि उसकी मौजूदगी तक ऐसे नारे नहीं लगाए। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मामले में दीपक सिंह व दीपक कुमार से पूछताछ की। जांच के बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस को मामले में कई अन्यों की तलाश…

जंतर-मंतर पर हुई नारेबाजी के मामले में पुलिस को कई अन्य आरोपियों की तलाश है। नारेबाजी के बाद पिंकी ने खुद के जंतर-मंतर पर होने की बात की थी। पिंकी ने नारेबाजी करने की बात से इनकार किया है। पिंकी ने स्वीकार किया है कि उनके कहने पर ही हिंदू संगठन के लोग वहां पहुंचे थे।