मुंबई की अदालत ने कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष को जमानत दी

जानी मानी हास्य कलाकार भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को मुंबई की किला कोर्ट अदालत से सोमवार को जमानत मिल गयी। रविवार को ही एक अदालत ने उन्हें 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को शनिवार को एनसीबी ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार किया था।

भारती और उनके पति ने मुंबई की अदालत में जमानत के लिए याचिका लगी थी। इसपर आज सुनवाई हुई और अदालत ने दोनों को जमानत दे दी। बता दें दोनों को शनिवार को ड्रग्स मामले में लंबी पूछताछ के बाद एनसीबी ने गिरफ्तार कर लिया था। भारती सिंह के घर से एनसीबी को शनिवार को छापे के दौरान करीब 86 ग्राम गांजा मिला था।

रविवार को ही ड्रग्स के इस मामले में भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को 14 दिन की हिरासत में भेज दिया था। उन्हें कल एनसीबी ने मुंबई की एक अदालत में पेश किया था। घर से गांजा बरामद होने के सिलसिले में शनिवार को दोनों पति-पत्नी को एनसीबी पूछताछ के लिए अपने दफ्तर ले गयी थी जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एनसीबी ने अदालत में दलील कि भारती सिंह के घर से 86 ग्राम गांजा बरामद किया गया और दोनों ने गांजा सेवन की बात कबूली है। अब तक की जांच में एनसीबी ने पाया कि हर्ष अपने और भारती के लिए गांजा लाता था। एनसीबी यह जांच करना चाहती है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। एनसीबी दोनों के लिए पुलिस हिरासत चाहती थी।

अदालत ने, हालांकि कहा था कि बरामद गांजे की मात्रा बहुत कम है। एनसीबी का भी कहना है कि दोनों गांजा का सेवन करते थे। इसलिए पुलिस हिरासत की ज़रूरत नहीं है। दोनों को 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है।