मास्क नहीं पहना तो बैंक के गार्ड ने मार दी गोली

कोरोना महामारी में खौफ के साथ आपा खोने का मामला सामने आया है। बरेली में शुक्रवार को मास्क की जागरूकता के लिए जान लेने पर उतारू होना गले से उतरने वाला नहीं है। यहां बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में शुक्रवार को एक ग्राहक बिना मास्क के अंदर आ गया। इसके बाद गार्ड से कुछ कहासुनी हुई और हथियार से लैस गार्ड ने युवक को गोली मार दी। बैंक में पड़े कस्टमर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गोली पैर में लगी और उसका बहुत सारा खून भी बह गया। बाद में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोली लगने वाले युवक का नाम राजेश कुमार बताया जा रहा है। 35 वर्षीय राजेश कुमार राठौड़ बरेली जंक्शन के पास नॉर्थ रेलवे कॉलोनी मे रहते हैं। बताया गया कि टेलीकॉम डिपार्टमेंट में हेल्पर का काम करते है। राजेश कुमार शुक्रवार सुबह किसी काम से सिविल लाइंस स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में गए थे। राजेश कुमार ने मास्क नहीं लगा रखा था। और बिना मास्क अंदर चले गए। जिस पर गार्ड से उनकी कहासुनी हुई। इसके बाद वह लौट आए।

दोबारा फिर बैंक के अंदर बगैर मास्क लगाए जा रहे थे। जिस पर गार्ड केशव कुमार ने विरोध किया। गार्ड ने कोरोना गाइडलाइन के तहत मास्क लगाने के लिए कहा। लेकिन राजेश नहीं माने और अपनी जिद पर अड़े रहे। इसको लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। इसके बाद गुस्साए गार्ड ने अपनी दोनाली बंदूक से राजेश को गोली मार दी। गोली उसके बाएं पैर में लगी। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है।

अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है। इधर मामले की सूचना पर सीओ, इंस्पेक्टर कोतवाली पुलिस टीम के साथ पहुंच गये। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गार्ड केशव कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गार्ड ने सफाई दी कि दोनाली बंदूक लोड थी। इस वजह से चल गई। गोली उसने नहीं मारी है।