मानसून की महाराष्ट्र, कर्नाटक में दस्तक, दिल्ली में अभी गर्मी

मानसून ने शनिवार महाराष्ट्र, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी। मौसम विभाग (आईएमडी) ने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि मानसून अब आगे बढ़ गया है।

आईएमडी ने ट्वीट में कहा – ‘दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज मुंबई पहुंच गया। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज 11 मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, कोंकण के अधिकांश हिस्सों (मुंबई सहित), मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।’

विभाग ने कहा कि 12 जून से पूर्वी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मॉनसून से पहले की गतिविधि की भविष्यवाणी की गई है, लेकिन उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्यप्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान बना रहेगा।

आईएमडी के मुताबिक उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों, कोंकण के शेष हिस्सों, गुजरात राज्य के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों, पूरे कर्नाटक और तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आने वाले 5 दिनों में पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी क्षेत्र पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश जारी रहने के आसार हैं।

विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान सप्ताहांत में कुछ डिग्री कम हो जाएगा, लेकिन 15 जून तक कोई बड़ी राहत की संभावना नहीं है। विभाग ने कहा कि नमी युक्त पूर्वा हवाएं 16 जून से भीषण गर्मी से काफी राहत दिलाएंगी।