माकन का दिल्ली पीसीसी अध्यक्ष पद से इस्तीफा

शीला दीक्षित, शास्त्री का नाम पद के लिए चर्चा में

एचएस फुल्का के आम आदमी पार्टी से इस्तीफे के २४ घंटे के ही भीतर अजय माकन ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। फुल्का कांग्रेस तो माकन आम आदमी पार्टी से किसी भी तरह के चुनावी गठजोड़ का अपने-अपने दलों की भीतर विरोध करते रहे हैं। अब दिल्ली प्रेस्देश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शीला दीक्षित और योगानंद शास्त्री का नाम सामने आ रहा है।

वैसे शीला दीक्षित शायद आप से किसी तरह के चुनावी गठजोड़ का समर्थन न करें क्योंकि उनके मुख्यमंत्री रहते कांग्रेस लगातार चार बार दिल्ली सरकार की सत्ता पर काबिज रही है। वैसे बहुत से कांग्रेस नेता मानते हैं कि देश में तीन राज्यों में पार्टी की जीत के बाद कांग्रेस के पक्ष में जो माहौल बना है, उसे देखते हुए कांग्रेस को दिल्ली और अन्य जगह अपने बूते चुनाव लड़ने चाहिएं।

माकन ने पद से इस्तीफे की जानकारी ट्वीट करके दी है। वैसे माकन पहले भी स्वास्थय कारणों से अपना पद छोड़ने की बात कहते रहे थे। माकन ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया है।

चर्चा है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष योगानंद शास्त्री को कांग्रेस दिल्ली  कांग्रेस अध्यक्ष का जिम्मा दे सकती है। हालाँकि इस पद के लिए बहुत से कांग्रेस नेता पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को सबसे बेहतर नेता मानते हैं। उनका कहना है कि वे कांग्रेस को चुनाव तक अपने बूते लड़ने लायक बनाने की क्षमता रखती हैं क्योंकि दिल्ली में अभी भी लोगों में उनकी काफी लोकप्रियता मानी जाती है।