महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे एकनाथ शिंदे, आज शाम लेंगे पद की शपथ

महाराष्ट्र में नई सरकार में नए मुख्यमंत्री होंगे एकनाथ शिंदे। वे गुरूवार (यानी आज) शाम 7.30 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन के साथ एकनाथ शिंदे बनाएंगे नई सरकार।

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और पत्रकारों के साथ यह जानकारी साझा की। फडणवीस ने यह भी कहा कि वे सरकार से बाहर ही रहेंगे।

फडणवीस ने कहा कि जनता ने महाविकास अघाड़ी को बहुमत नहीं दिया था और चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व शिवसेना ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था, किंतु शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर अपनी सरकार बनाई।

उन्होंने आगे कहा कि, बालासाहेब ने हमेशा ही दाउद का विरोध किया किंतु उद्धव ठाकरे सरकार का एक मंत्री दाउद से जुड़ा हुआ है और जेल में बंद होने के बावजूद उसे मंत्री पद से हटाया नहीं गया। यह बालासाहेब का अपमान है।

एकनाथ शिंदे ने कहा कि हम महाराष्ट्र के विकास के लिए एक साथ आए हैं। और आज शाम साढ़े सात बजे शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

आपको बता दें, एकनाथ शिंदे का जन्म महाराष्ट्र में 9 फरवरी 1964 को हुआ था। शिंदे सतारा जिले के पहाड़ी जवाली तालुका से आते है और मराठी समुदाय से हैं। उन्होंने अपनी 11वीं तक की शिक्षा ठाणे में ग्रहण की और इसके बाद वागले एस्टेट इलाके में रहकर ऑटो रिक्शा चलाने लगे।

अस्सी के दशक में शिंदे शिवसेना से जुड़े और पार्टी के एक आम कार्यकर्ता के तौर पर अपना सियासी सफर शुरू किया। मुंबर्इ से सटे ठाणे जिले के सबसे प्रभावशाली नेताओं में एकनाथ शिंदे की गिनती की जाती है। नगर निकाय चुनाव हो या फिर लोकसभा चुनाव ठाणे में जीत के लिए शिंदे का समर्थन जरूरी माना जाता है।