महाभारत के भीम और एथलीट प्रवीण कुमार सोबती का 74 साल में निधन

मशहूर धारावाहिक महाभारत  में भीम का पात्र निभाने वाले कलाकार और अर्जुन अवॉर्ड विजेता प्रवीण कुमार सोबती का मंगलवार निधन हो गया। वे पंजाब के रहने वाले थे और 74 वर्ष के थे। सोबती बेहतरीन एथलीट भी थे थे और उन्होंने एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए मेडल जीते थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रसिद्ध धारावाहिक महाभारत (1988) में भीम की भूमिका में नाम कमाने वाले प्रवीण कुमार सोबती पिछले लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। पंजाब के रहने वाले प्रवीण ने बॉलीवुड में 50 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय भी किया। देश भर में उनके लाखों फैंस थे।

जहाँ तक फिल्मों की बात है सोबती की पहली फिल्म ‘रक्षा’ थी। इसमें उस समय के सुपर स्टार जीतेन्द्र लीड रोल में थे। यह माना जाता है कि सोबती आर्थिक तंगी झेल रहे थे।

खेल की दुनिया में भी सोबती ने खूब नाम कमाया। मजबूत कद काठी के मालिक सोबती ने करीब 20 साल की उम्र में बॉर्डर सिक्योरिटी फ़ोर्स (बीएसएफ) ज्वाइन की थी। अच्छे एथलेटिक होने के कारण उन्होंने बीएसएफ के अंतर् मुकाबलों में हिस्सा लिया और मेडल जीते।

उनका कमाल ही था कि मेहनत के बूते वे  विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने लगे। वे गोला (हैमर) फेंक और चक्का (डिस्क) थ्रो में लाजवाब थे। वे कितने अच्छे एथलीट थे यह इस बात से जाहिर हो जाता है कि उन्होंने भारत के लिए एशियाई खेलों में 2 स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। यही नहीं  राष्ट्रमंडल खेलों में भी मेडल जीते। उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।