मनप्रीत की ऐतिहासिक छलाँग

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को 2019 का सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ी चुना गया है। यह खिताब जिसकी शुरुआत 1999 से की गयी थी; को पाने वाले वे पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। इन पुरस्कारों की घोषणा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी फैडरेशन (एफआईएच) ने पिछले दिनों की। इस स्पर्धा में उनके मुकाबले विश्व चैंपियन बेल्जियम के विक्टर वेगनेज, आर्थर वान डोरेन और आस्ट्रेलिया के जालेव्स्की व ओकेंडेन भी थे। इनके अलावा उनका मुकाबला ओंलपिक चैंपियन अर्जेंटीना के लुकास विला के साथ भी था। यहाँ आर्थर दूसरे व विलास तीसरे स्थान पर रहे। यह पुरस्कार जीतने के बाद मनप्रीत ने खुशी जाहिर की और कहा कि मैं यह पुरस्कार पूरी टीम को समर्पित करता हूँ। उन्होंने अपने शुभचिंतकों और हॉकी प्रेमियों का भी धन्यवाद किया और साथ ही देश में हॉकी को मिलने वाले समर्थन को भी सराहा।

26 जून 1992 को जलंधर में जन्में मनप्रीत सिंह पवार मई 2017 से भारतीय टीम के कप्तान हैं। हाफ लाइन में खेलने वाले मनप्रीत ने 19 साल की उम्र में पहली आर देश का प्रतिनिधित्व किया। यह साल था 2011 का। उन्होंने 2012 और 2016 की ओलंपिक खेलों मेें भाग लिया। वे 2014 में एशिया के  जूनियर प्लेयर ऑफ  दा ईयर चुने गये। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह और मनप्रीत एक ही गाँव मीठापुर के है। उन्होंने अब तक 260 से ज़्यादा मैच खेले हैं।