मंदी से मांझा कारीगर उदास

आप जब बरेली के सीबीगंज से क़िले की ओर बढ़ेंगे, तो जीटी रोड के दोनों ओर कुछ लोगों को बड़ी तेज़ी में हाथ में कुछ रंग-बिरंगा सा लिए हुए एक रगड़ के साथ आगे बढ़ते हुए पाएँगे। वास्तव में ये मांझा कारीगर हैं। इनके हाथ में काँच (शीशे) के बुरादे, रंग तथा साबूदाने या चावल की लुगदी होती है। ये लुगदी अत्यंत खुरदरी होती है, जिसे धागे पर रगड़ते समय हाथ कट जाते हैं। जो धागा मांझा बनाने के काम में लिया जाता है, उसे सद्दी कहते हैं। ये एक प्रकार से कच्चा धागा होता है। वैसे तो सद्दी उस धागे को कहते हैं, जो पतंग को बड़ी ऊँचाई तक आकाश में ले जाने के लिए मांझे के बाद बाँधी जाती है। इससे हाथ नहीं कटते और यह मांझे से सस्ती मिलती है। चर्खी में 90 से 95 फ़ीसदी यही सद्दी होती है। हालाँकि इस सद्दी में मोम लगा होता है, ताकि उलझे नहीं एवं आसानी से ऊँगलियों से पास हो सके यानी सरकता रहे।

सीबीगंज से क़िले तक जीटी रोड के दोनों ओर इसी सद्दी से मांझा बनाते हैं, जिसमें काँच युक्त लुगदी की रगड़ के कारण मांझा बनाने वाले इन कारीगरों के हाथ घायल ही रहते हैं। पूरा दिन ये लोग इसी तरह 100-200 मीटर की दूरी पर लगी बल्लियों के चारों ओर दौड़ते रहते हैं। इन बल्लियों को थूनी कहते हैं। इन थूनियों की संख्या 50-60 से अधिक होगी तथा हर थूनी पर एक से तीन कारीगर तक लगे होते हैं। इसी प्रकार बाकरगंज के हुसैन बाग़ में दर्ज़नों मांझा कारीगर हाथों में लुगदी लेकर सद्दी में लपेटकर सद्दी को रगड़ देते हुए दौड़ते दिखायी देंगे। एक कारीगर ने बताया कि 15-20 साल पहले बरेली में 1,000 से 1,500 कारीगर मांझा बनाने का काम करते थे। अब तो आधे भी नहीं रहे।

मांझे के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध बरेली में मांझा बनाने का यह कार्य वैसे तो पूरे वर्ष चलता है; मगर स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस तथा मकर संक्रांति के आने से दो-तीन महीने पहले से इसमें तेज़ी आ जाती है। मगर चीन का जानलेवा तथा स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से घातक मांझे की बाज़ार में भरमार होने से विश्व भर में प्रसिद्ध बरेली के मांझे की बिक्री पर विकट विपरीत प्रभाव पड़ा है। मगर बीते तीन वर्षों से मांझा बनाने वाले कुछ अन्य संकटों से जूझ रहे हैं।

चीनी मांझे ने किया निराश
बाकरगंज में मांझा मज़दूर कल्याण समिति के एक सदस्य ने बताया कि लगभग सात-आठ साल से उनके काम में लगातार मंदी आती जा रही है। इसकी सबसे बड़ा तथा पहला कारण बाज़ार में चीन के मांझे की आवक है। यह बात सब जानते हैं कि चीन का मांझा हर तरह से घटिया तथा नुक़सान पहुँचाने वाला होता है। मगर फिर भी अधिक लोग उसे ख़रीदते हैं, क्योंकि वो हमारे मांझे से सस्ता होता है। दुकानदारों को भी उसमें बचत अधिक है, सो वे भी उसे ही पहले तथा अधिक मात्रा में बेचने की कोशिश करते हैं। मगर वो मांझा पतंगबाज़ी में जल्दी कट जाता है, हाथ भी काट देता है। अगर किसी के गले में फँस जाए, तो जानलेवा साबित होता है। पहले बरेली में मांझे में फँसकर पक्षी नहीं मरते थे, मगर अब चीन का मांझा जबसे आया है, पक्षियों के मरने की घटनाएँ होने लगी हैं। दु:ख की बात यह है कि अब बरेली में भी चीन का मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। जिस बरेली का मांझा पूरे विश्व के लोग माँगते हैं, विदेशों में इस मांझे की विकट माँग रही है, उसी मांझे के शहर बरेली में आज दुकानदारों और सरकारों के निजी स्वार्थ के चलते धाक जमा ली है। मगर उन लोगों को सोचना चाहिए कि इससे शहर के आम लोगों को तो हानि हो ही रही है, हम कारीगरों का रोज़गार भी छिन रहा है। इससे किसी को क्या मिलेगा। यह तो कारीगरों के पेट पर लात मारना ही हुआ ना।

बरेली का बता बेच रहे चीनी मांझा
इस बातचीत के बीच एक कारीगर ने कहा कि भैया, आप बाज़ार में किसी मांझे की दुकान पर जाकर बरेली का मांझा माँगना, वो आपको चीन का मांझा पकड़ा देगा। अगर आपको जानकारी नहीं होगी, तो आप ठगे जाओगे। दुकानदार बरेली के मांझे के नाम पर ग्राहकों को चीन का मांझा बेच रहे हैं। हम लोग तथा मांझा मज़दूर कल्याण समिति इसका कई बार विरोध कर चुकी है, मगर कोई लाभ नहीं होता, क्योंकि प्रशासन इस ओर कोई ध्यान ही नहीं देता। चीन का अधिकतर मांझा नाइलोन का होता है, जिसे और मजबूत करने के लिए वो लोग घातक पदार्थों का उपयोग करते हैं।

सद्दी हुई महँगी
आरिफ़ नाम के एक कारीगर ने बताया कि जबसे कोरोना की बीमारी आयी है, तबसे सद्दी महँगी भी बहुत हुई है तथा उसकी आपूर्ति भी घटी है। हम लोग वर्धमान तथा कोड्स नाम की दो कम्पनियों से धागा ख़रीदते हैं। लॉकडाउन में दोनों कम्पनियों ने यह कहकर सद्दी की आपूर्ति बन्द कर दी थी कि उनके पास धागा नहीं है, क्योंकि चीन और पाकिस्तान से कपास नहीं आ रही है। इस दौरान 400 रुपये के भाव वाला धागा 600 से 700 रुपये का हो गया था। अब धागे का भाव और बढ़ गया है, जिससे हमारी बिक्री कम हुई है। कारीगरों और मज़दूरों तक की मेहनत इस काम से निकालना महँगा हो गया है। जबसे सद्दी महँगी हुई है तथा उसकी आपूर्ति प्रभावित हुई है, तबसे हम लोग और भी परेशान हैं। शासन, प्रशासन में कोई हमारी ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

कम बिकता है अच्छा मांझा
सबसे बड़ी समस्या यह है कि कोई भी वस्तु अगर महँगी हो, तो उसके ग्राहक कम हो जाते हैं। बरेली में मांझा हाथ से बनाया जाता है तथा इसकी मानकता विश्वसनीय एवं गुणवत्ता उत्तम होती है, इसलिए इसे बनाने में लागत अधिक लगती है। यही कारण है कि यह चीन के मांझे की अपेक्षा तीन-चार गुना महँगा होता है। इससे इसके ग्राहक भी कम होते हैं। पहले जब चीन का मांझा और देश के दूसरे हिस्सों में बनने वाला घटिया मांझा बाज़ार में नहीं होता था, तब हमारे मांझे की माँग अधिक थी। एक समय था जब हम माँग पूरी करने के लिए कारीगरों को ढूँढते थे तथा दिन-रात काम कराते थे। अब कारीगर काम माँगने आते हैं, तो उन्हें न कहना पड़ता है, जिसका हमें विकट दु:ख होता है।

मशीन बनाम हाथ वाला मांझा
अब बाज़ार में दो तरह का मांझा देखने को मिलता है। एक तो वो मांझा है, जो चीन और हमारे देश में मशीनों से बनता है। दूसरा मांझा जो पूरे विश्व में प्रसिद्ध है, वो है बरेली का मांझा। अब बाज़ारों में बरेली के मांझे के सामने मशीनों वाला घटिया मांझा चुनौती बना हुआ है। इसका कारण इस मांझे का सस्ता होना है। बरेली के मांझे की एक चर्खी 500 से 1,000 रुपये है, जबकि मशीन के मांझे की एक चरखी 150 से 250, 300 रुपये है। इसके चलते लोग सस्ता तथा घटिया मांझा ले लेते हैं। मगर जो लोग मांझे के जानकार हैं और पतंगों के पेंच लड़ाने में माहिर हैं या सट्टा लगाते हैं, वो आज भी बरेली का ही मांझा ख़रीदते हैं। कई दुकानदार भी बरेली के मांझे की बिक्री को प्राथमिकता देते हैं।

इस बार जगी आस
इस बार बरेली के कारीगरों, मज़दूरों, थूनी मालिकों तथा दुकानदारों को भी उम्मीद है कि उनका काम पहले की तरह अच्छा चलेगा। इसका एक कारण तो यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वदेशी वस्तुओं पर बल दे रहे हैं। दूसरा कारण स्वतंत्रता दिवस है, जो इस बार पूरे एक सप्ताह मनाया जाएग।

विदित हो कि इस बार उत्तर प्रदेश में हर व्यक्ति में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा है। यह सब अमृत महोत्सव के चलते किया जा रहा है। शासन व प्रशासन की ओर से दिशा निर्देश दे दिये गये हैं। प्रदेश के सभी 75 जनपदों के लगभग 418 लाख से अधिक घरों में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 50 लाख सरकारी व निजी प्रतिष्ठानों में भी ध्वजारोहण के निर्देश हैं। राज्य में कुल 381.61 लाख से तिरंगों होना है। देश में हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर पतंगबाज़ी होती है। ऐसे में मांझा व्यापारियों व कारीगरों को विश्वास है कि इस बार मांझे की बिक्री अधिक होगी।