भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल में 24 नए मंत्री, रुपाणी सरकार के सभी मंत्री बाहर

पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल सहित विजय रुपाणी के तत्कालीन मंत्रीमंडल के सभी सदस्यों की छुट्टी करते हुए गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भाजपा आलाकमान से अपनी पहली बड़ी बात मनवा ली है। गुरुवार को जिन 24 विधायकों को मंत्री पद की शपथ राजभवन में दिलवाई गयी उनमें एक भी पिछले मंत्रिमंडल से नही है। राजेंद्र त्रिवेदी ने पहले नंबर पर शपथ ली, जिससे जाहिर होता है कि मंत्रिमंडल में उनकी हैसियत दूसरे नंबर की होगी। वे अब तक विधानसभा अध्यक्ष थे। हालांकि, सभी मंत्रियों के इस तरह बाहर होने से गुजरात भाजपा में नाराजगी बताई जा रही है।

इस तरह भूपेंद्र पटेल ने चुनाव से पहले अपनी नई टीम बना ली है। राजभवन में दोपहर डेढ़ बजे शपथ ग्रहण हुआ जिसमें राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों को शपथ दिलाई।

कुल 24 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई इनमें 10 केबिनेट और 14 राज्य मंत्री हैं। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की 22 मंत्रियों वाली पूरी टीम बाहर कर दी गई जिनमें मुख्यंमंत्री पद की दौड़ में शामिल माने जा रहे पूर्व उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल भी शामिल हैं। नई केबिनेट अब से कुछ देर बाद 4:30 बजे पहली बैठक करेगी। मंत्रियों के विभाग आज ही सौंपे जा सकते हैं।

आज शपथ लेने वाले केबिनेट मंत्री – राजेंद्र त्रिवेदी, जीतू वाघानी, राघव पटेल, पूर्णेश मोदी, नरेश भाई पटेल, प्रदीप सिंह परमार, अर्जुन सिंह चव्हाण, ऋषिकेश पटेल, कनुभाई देसाई, किरीट सिंह राणा।

राज्य मंत्री: हर्ष सांघवी, बृजेश मेरजा, मनीषा वकील, जगदीश भाई पांचाल, जीतू भाई चौधरी, निमिषा सुतार, मुकेश पटेल, अरविंद रैयाणी, कुबेर डिंडोर, कीर्ति सिंह वाघेला, गजेंद्र सिंह परमार, देवा भाई मालम, राघवजी मकवाना, विनोद भाई मोराडिया।

आज सबसे पहले शपथ राजेंद्र त्रिवेदी ने ली। उन्होंने आज ही विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के एक घंटे बाद ही वे मंत्री पद की शपथ ले रहे थे। जाहिर है पटेल की टीम में उनका दर्जा नंबर-2 का होगा। पहले शपथ ग्रहण बुधवार को होना था, लेकिन भीतर नाराजगी बढ़ने से इसे आज के लिए टाल दिया गया था।