भारी बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा बंद

हिमाचल का मशहूर पर्यटक स्थल रोहतांग भारी बर्फबारी के बाद बंद हो गया है। शुक्रवार को वहां २४ सेंटीमीटर बर्फ रेकॉर्ड की गयी है। केलांग-जिस्पा मार्ग भी  भूस्खलन के बाद बंद हो गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है जिसके चलते मौसम  के मिजाज बिगड़े हुए हैं। प्रदेश के ऊंचाई वााले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है जिससे  निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। रोहतांग दर्रे और लाहुल घाटी में शुक्रवार फिर बर्फबारी हुई और दोपहर तक २४ सेंटीमीटर बर्फ पड़ी थी।
इस बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा फिर यातायात के लिए बंद हो गया है। केलांग-जिस्पा मार्ग भी भूस्खलन के चलते बंद किया गया है। बार्डर रोड आर्गेनाइजेशन (बीआरओ) ने तीन दिन पहले ही रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बहाल किया था। लेकिन उसके बाद अचानक बर्फबारी से वहां कुछ वहां भी फंस गए थे जिन्हें बाद में निकाल लिया गया।
शुक्रवार को फिर बर्फबारी से दर्रा बंद होने से लाहुल के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसके अलावा कोकसर और मढ़ी में भी बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला सहित अन्य इलाकों में आसमान में बादल छाए हैं। कांगड़ा की धौलाधार चोटियों पर भी बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले २४ घंटों में आठ जिलों में बादलों की गरज और बिजली के साथ भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।