भारत में 24 घंटे में दुनिया भर में सर्वाधिक कोरोना मामले, 3.15 लाख नए मरीज, 2104 की मौत

भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कहर बनकर टूटी है। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के 3.15 लाख नए मामले सामने आए हैं, जो महामारी शुरु होने के बाद  दुनियाभर के किसी भी देश में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। देश में आक्सीजन की भारी कमी है और हालत बदतर हो गए हैं। इस बीच दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक कुमार वालिया और माकपा नेता सीताराम येचुरी के बड़े बेटे पत्रकार आशीष येचुरी का कोविड-19 से निधन हो गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आज जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में भारत में 3 लाख 14 हजार 835 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। इस दौरान 2104 लोगों की जान चली गई है। इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1 करोड़ 59 लाख 30 हजार 965 हो गई है, जबकि 1 लाख 84 हजार 657 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। देश में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या भी बढ़कर 22 लाख 91 हजार 428 हो गई है।
भारत में कोविड-19 के नए मामले पहली बार 3 लाख के आंकड़े को पार करते हुए अमेरिका के दैनिक मामलों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इससे पहले 8 जनवरी को अमेरिका में सबसे ज्यादा 3 लाख 7 हजार 581 नए मामले दर्ज किए गए थे। भारत में अमेरिका से ज्यादा तेजी से नए मामलों की संख्या बढ़ी है और 1 लाख दैनिक मामलों से 3 लाख तक पहुंचने में सिर्फ 17 दिन का समय लगा है।
इस बीच कांग्रेस  दिल्ली सरकार में कई बार मंत्री रहे एके वालिया का कोरोना से निधन हो गया है। वालिया ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह तीन दिन से कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे थे। डॉक्टर अशोक वालिया लगातार चार बार विधायक रहे और उन्होंने शीला दीक्षित की सरकार में राज्य मंत्री के रूप में काम किया था और स्वास्थ्य, शहरी विकास, भूमि और भवन विभागों का जिम्मा संभाला था।
उधर माकपा नेता सीताराम येचुरी के बेटे आशीष का भी कोरोना से निधन हो गया है।
गुरुग्राम के एक अस्पताल में आशीष येचुरी का कोरोना वायरस के चलते निधन हो गया। सीताराम येचुरी ने एक ट्वीट में कहा – ‘मैंने अपने बड़े बेटे आशीष येचुरी को आज सुबह कोविड के कारण खो दिया। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हमें आशा दी और जिन्होंने उसका इलाज किया।’