भारत में फँसे विदेशी पर्यटकों की सहायता करेगी सरकार

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने विदेशी पर्यटकों की मदद के लिए बनाया ‘स्ट्रैंडेड इन इंडिया’ पोर्टल

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बीच भारत में लॉकडाउन के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में फँसे विदेशी पर्यटकों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने ‘स्ट्रैंडेड इन इंडिया’ (strandedinindia.com) नाम का एक पोर्टल का शुभारम्भ किया है। यह वेबसाइट पर्यटन वेबसाइट और पर्यटन मंत्रालय के चैनल्स पर भी नज़र आएगी। पर्यटन मंत्रालय द्वारा शुरू किये गये इस पोर्टल पर भारत में फँसे विदेशी पर्यटकों के लिए विभिन्न सेवाओं से जुड़ी जानकारियाँ दी गयी हैं। इस पोर्टल का उद्देश्य विदेशी पर्यटकों की मदद के लिए एक सहायक नेटवर्क के रूप में काम करना है।

पर्यटन मंत्रालय का कहना है कि यह पर्यटकों, विशेषकर दूसरे देशों से घूमने आये पर्यटकों की बेहतरी सुनिश्चित करने की दिशा में किया गया एक प्रयास है। इस क्रम में पर्यटन मंत्रालय लगातार सतर्क बना हुआ है और पर्यटकों की ज़रूरतों के आधार पर सहायता के लिए पहल कर रहा है।

पोर्टल में निम्नलिखित जानकारियाँ दी गयी हैं-

1- कोविड-19 हेल्पलाइन नम्बर्स या कॉल सेंटरों से जुड़ी व्यापक जानकारी। विदेशी पर्यटकों की मदद के लिए इनके माध्यम से सम्पर्क कायम कर सकते हैं।

2- विदेश मंत्रालय के नियंत्रण केंद्रों से जुड़ी विविध जानकारियाँ और सम्पर्क के लिए उनके दूरभाष नम्बर।

3- राज्य आधारित/क्षेत्रीय पर्यटन सहायक बुनियादी ढाँचे से जुड़ी जानकारियाँ।

विदेशी पर्यटकों को ज़्यादा जानकारी देने और सम्बन्धित अधिकारियों की मदद करने के लिए हेल्प सपोर्ट सेक्शन की जानकारी।