भारत में कोविड-19 के कुल मामले 75 लाख के पार, 1.14 लाख से ज्यादा लोगों की रोग से मौत

भारत में कोरोनावायरस संक्रमण के अभी तक के कुल मामले 75 लाख का आंकड़ा पार कर गए हैं। देश में अभी तक कोविड-19 से मरने वालों की संख्या भी 1.14 लाख से ज्यादा हो गयी है। अच्छी खबर यह है कि भारत में पिछले 24 घंटे में अपेक्षाकृत कम 55,722 नए मामले दर्ज हुए हैं जबकि 579 की मौत हुई है, जो पिछले लम्बे समय में सबसे कम है। भारत इस समय दुनिया में सबसे ज्यादा कोविड-19 के मामलों में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है।

स्वास्थ्य़ मंत्रालय के आज जारी आंकड़ों के मुताबिक सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में 55,722 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 75 लाख 50 हजार 273 हो गई है। इस दौरान 579 लोगों की मौत हुई है और कुल मृतकों की संख्या 1 लाख 14 हजार 610 हो गयी है। देश में इस वक्त 7 लाख 72 हजार 55 सक्रिय मामले हैं।

इसके पहले 11 अगस्त को इससे कम मामले- 53,601 मामले सामने आए थे जबकि  इतनी कम मौतें 19 जुलाई के बाद हुई हैं जब 543 लोगों की 24 घंटे में मौत हुई थी। लगातार तीसरे दिन देश में कुल एक्टिव मामलों की संख्या आठ लाख के नीचे रही है। अब तक बीमारी से देश में 66.6 लाख अब तक स्वस्थ हुए हैं।

देश का रिकवरी रेट 88.3 फीसदी चल रहा है जबकि दैनिक पॉजिटिविटी रेट 6.5 एएसडी है। पिछले 24 घंटे में 8,59,786 टेस्ट कराए गए हैं जिससे अब तक कुल 9,50,83,976 लोगों के टेस्ट हो चुके हैं।

बता दें दुनिया भर में इस महामारी से अब तक चार करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 11 लाख मौतें हो चुकी है। अमेरिका में सबसे ज्यादा 81,54,206 मामले हैं जबकि दूसरे नंबर पर भारत 75,50,273, तीसरे नंबर पर ब्राज़ील 52,24,362, चौथे नंबर पर रूस 13,90,824 है।