भारत-जापान में ७५ अरब डॉलर का मुद्रा विनिमय समझौता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जापान दौरे के आख़िरी दिन भारत और जापान ने सोमवार को ७५ अरब डॉलर का द्विपक्षीय मुद्रा विनिमय समझौता किया। इससे भारत की विदेशी मुद्रा और पूंजी बाजार में स्थिरता आने की उम्मीद है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक विनिमय समझौता दोनों देशों के बीच पिछले समझौते की तुलना में ५० प्रतिशत  अधिक है। भारत के वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार शाम अपने ट्वीटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी है। अपने ट्वीट में जेटली ने लिखा – ”द्विपक्षीय विनिमय समझौता दोनों देशों के प्रगाढ़ आर्थिक रिश्ते को प्रतिबिंबित करता है”।

पीएम मोदी की जापान यात्रा के दौरान यह समझौता किया गया। उन्होंने अपने जापानी समकक्ष शिंजो आबे के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सरकार ने कहा कि वह देश से पूंजी को बाहर जाने से रोकने के लिए विभिन्न कदम उठा रही है और यह फैसला भारतीय बाजार में भरोसा बढ़ाने वाला कदम है। इससे पहले मोदी ने जापान में भारतीय समुदाय को भी सम्वोधित किया।