भारतीय क्षेत्र में पकड़े गए चीन के सैनिक को भारत ने वापस लौटाया

भारत ने सोमवार को उस चीनी सैनिक को वापस चीन को लौटा दिया जिसे सादे कपड़ों में शुक्रवार को भारतीय लद्दाख क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ा गया था। यह दूसरी बार है जब चीन से चल रहे तनाव के बीच कोई चीनी सैनिक भारत के इलाके में पकड़ा गया था। पिछली बार भी भारत ने चीनी सैनिक को तीसरे दिन लौटा दिया था। चीन ने कल ही भारत से यह कहते हुए कि यह भटककर भारतीय इलाके में चला गया है, उसे लौटाने को कहा था।

भारतीय सेना ने शुक्रवार को इस चीनी सैनिक को लद्दाख में गिरफ्तार किया था। इसके बाद चीन ने पीएलए सैनिक को तुरंत वापस लौटाने की मांग की थी। पीएलए सैनिक को पूर्वी लद्दाख के चुशुल सेक्टर में गुरुंग हिल के पास भारतीय सीमा में घूमता हुआ पाया गया था जिसके बाद उसे भारतीय सेना ने गिरफ्तार कर लिया था।

बता दें शनिवार को भारतीय सेना ने जानकारी दी थी कि 8 जनवरी की सुबह एक चीनी सैनिक एलएसी पार कर चला गया आया था जिसे भारतीय सैनिकों ने हिरासत में ले लिया था। चीनी सैनिक के साथ नियमों के तहत कार्यवाही की जा रही है। याद रहे पिछले साल चीन के साथ संघर्ष और चीन के बड़ी संख्या में एलएसी पर सैनिकों को भेजने के बाद भारत ने भी एलएसी पर भारी मात्रा में सेना की तैनाती की है।