भाजपा सांसद कीर्ति आज़ाद कांग्रेस में शामिल

भाजपा सांसद कीर्ति आज़ाद कांग्रेस में शामिल

भारतीय जनता पार्टी से निलंबित चल रहे सांसद कीर्ति आजाद सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। वे बिहार के दरभंगा से सांसद हैं। उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस का पटका पहनकर पार्टी में शामिल किया। कीर्ति ने कुछ साल पहले दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन में कथित भ्रष्टाचार को लेकर झंडा बुलंद किया था और उस समय इससे जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली के खिलाफ भी आरोप लगाए थे जिसके बाद भाजपा ने उन्हें निलंबित कर दिया था।

आजाद की लंबे समय से भाजपा से तनातनी चल रही थी। इसके चलते पार्टी ने उन्हें निलंबित कर रखा था। बिहार के दरभंगा से सांसद कीर्ति (कीर्तिवर्धन भागवत झा आजाद) का कांग्रेस में शामिल होना शुक्रवार को तय था लेकिन पुलवामा हमले के बाद अध्यक्ष राहुल गांधी के किसी राजनीतिक कार्यक्रम को तीन दिन तक रोकने के आदेश के चलते कीर्ति आज कांग्रेस में शामिल हुए। कीर्ति दिल्ली से भी एक बार लोक सभा चुनाव चुनाव जीत चुके हैं। वे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत कांग्रेस नेता भागवत झा आजाद के पुत्र हैं।

क्रिकेटर से राजनीतिक बने आजाद शुक्रवार को राहुल गांधी से मिले थे। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। इसमें कीर्ति ने कहा था – ”राहुल गांधीजी से भेंट हुई। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए हमारे सैनिकों के सम्मान में मेरा कांग्रेस में शामिल होने का कार्यक्रम अब १८ फरवरी को होगा। देश में तीन दिन का शोक है। कोई व्यक्ति या पार्टी देश से बढ़कर नहीं हो सकती और सैनिकों की शहादत पूजनीय है उनके सम्मान में यह निर्णय किया गया।”
आजाद २०१४ में बिहार की दरभंगा लोक सभा सीट से भाजपा टिकट पर जीते थे। भाजपा के उनकी नाराजगी जब ज्यादा हो गयी और उनके पार्टी नेतृत्व के खिलाफ कुछ ब्यान आये तो उन्हें भाजपा ने निलंबित कर दिया हालाँकि इसके  खिलाफ कोइ कार्रवाई नहीं की थी।

गौरतलब है कि आजाद ने दिल्ली जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा के बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ अप्रत्यक्ष रूप से मोर्चा खोल दिया था। उसके बाद उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। बिहार के पूर्णिया में जन्मे आजाद प्रदेश के पूर्व सीएम भागवत झा आजाद के बेटे हैं। कीर्ति आजाद का पूरा नाम कीर्तिवर्धन भागवत झा आजाद हैं, राजनीति में कदम रखने से पहले आजाद १९८० से लेकर १९८६ तक भारतीय टीम के सदस्य रहे और ७ टेस्ट और २५ वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व किया।