भाजपा शासन के आठ साल पर कांग्रेस का ‘8 साल 8 छल’ पुस्तिका के जरिये हमला

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर जहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी उपलब्धियां जनता के सामने गिना रही है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने एक पुस्तिका जारी करके भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने इस पुस्तिका का शीर्षक ‘8 साल 8 छल’ रखा है जिसमें एनडीए सरकार के विफलताओं को गिनाया गया है।

कांग्रेस नेताओं अजय माकन और रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी किया। पार्टी नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, “आज से ठीक आठ साल पहले, सत्ता में आने के लिए एक राग अलापा गया, ‘अच्छे दिन आने वाले है’। तब देश की जनता को लगा था कि ये गाना उनके लिए गाया जा रहा है। लेकिन अब देश मूल्यांकन कर रहा है कि बीते 8 सालों में किसके अच्छे दिन आए।“

कांग्रेस पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था, किसानों के साथ छल, सेनाओं में भर्ती की आवश्यकता किंतु पद अभी भी खाली, देश में जातिवाद की नीति, पिछड़ों पर प्रहार, और राष्ट्रीय सुरक्षा पर भाजपा को घेरा है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि फंड के रूप में भाजपा के खाते में तो पांच हजार करोड़ रुपए आए, लेकिन जनता को महंगा पेट्रोल, डीजल और बेरोजगारी मिली। कारपोरेट का टैक्स कम कर दिया गया और इसकी भरपाई लोगों की जेब से की गयी। पार्टी नेताओं ने कहा – ‘जनता पूछ रही है कि किसके अच्छे दिन आये हैं ?’

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘चुनिंदा लोगों के अच्छे दिन आए। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत 55वें पायदान से 101 पायदान पर आ गया। प्रेस, लोकतंत्र समेत कई अन्य ग्लोबल इंडेक्स में भारत फिसल रहा है। क्या ऐसे ही भारत को विश्व गुरु बनाएंगे ?’

कांग्रेस नेताओं ने कहा – ‘आम जनता पर टैक्स थोपे जा रहे हैं लेकिन कॉरपोरेट टैक्स पर राहत दी जा रही है। सीएमआई के अनुसार आज देश में 48 करोड़ लोग बेरोजगार है। महिलाओं का रोजगार इंडेक्स दस फीसदी कम हुआ है। हेल्थ स्केटर में 3.50 रोजगार है लेकिन पद खाली पड़े हैं। पूरे देश में कुल 62 लाख पद खाली पड़े हैं। इसके लिए सीधे-सीधे केंद्र सरकार जिम्मेदार है।’

सुरजेवाला ने इस मौके पर कहा कि देश में दंगों में 34 फीसदी का इजाफा हुआ है लेकिन मोदी सरकार इस पर चर्चा नहीं कराना चाहती है। उनके मुताबिक इस पर ध्यान देने की जगह वह कांग्रेस पर सवाल उठा रही है।