भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरनाक, देश इसके खिलाफ एकजुट हो : राहुल गांधी, कांग्रेस सभी राजभवनों पर करेगी प्रदर्शन  

राजस्थान में राज्यपाल कलराज मिश्र के रोल को देखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को देश की जनता से अपील की कि उसे लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आना होगा। इस बीच कांग्रेस ने राजस्थान में राज्यपाल के आचरण की निंदा करते हुए देश भर में राजभवनों के सामने प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। राजस्थान में कांग्रेस ने आज भी प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी ने रविवार को लोकतंत्र के लिए गंभीर संकट बताते हुए देश की जनता से एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा में आवाज उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि  हमें एकसाथ आना होगा। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि देश लोकतंत्र के हिसाब से चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा राजस्थान की 8 करोड़ जनता का अपमान कर रही है, जिसने एक उम्मीद के साथ कांग्रेस की सरकार चुनी थी और भाजपा को सत्ता से बाहर किया था।
कांग्रेस नेता ने राजस्थान के सियासी संकट पर कहा कि पैसे के जोर पर कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। राहुल ने कहा – ”देश कानून और संविधान से चलता है, सरकारें बहुमत से बनती और चलती हैं। भाजपा राजस्थान के 8 करोड़ लोगों का अपमान कर रही है।”
इस बीच राजस्थान के राजनीतिक संकट को देखते हुए कांग्रेस 27 जुलाई से देशभर में धरना प्रदर्शन करेगी। केंद्र सरकार के खिलाफ देशभर में राजभवन के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में राजभवन के बाहर भी धरना-प्रदर्शन होगा।
याद रहे शनिवार को कांग्रेस ने भाजपा के राजस्थान में लोकतंत्र की हत्या के षड़यंत्र के खिलाफ राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शनों का नेतृत्व पार्टी नेता कर रहे हैं, क्योंकि राजस्थान के मंत्री और विधायक होटल में रोके गए हैं।