भाजपा राम नाम बेचती है, हम दुर्गा उपासक : ममता

'भाजपा झारखंड के माओवादियों की मदद से बंगाल में दिक्कत पैदा कर रही''

राम मंदिर निर्माण के वीएचपी-शिव सेना-संत समाज-भाजपा के शोर के बीच बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला किया है। झरगाम इलाके के एक कार्यक्रम में ममता ने भाजपा पर यह हमला किया। उन्होंने कहा कि ”भाजपा राम को बेचकर राजनीति करती है, हम दुर्गा की पूजा करते हैँ।” उन्होंने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया है कि वह बंगाल में उत्पात मचाने के लिए ”पड़ोसी राज्य झारखंड से माओवादियों की मदद ले रही है और दिक्कत पैदा कर रही है।”
दरअसल भाजपा की बंगाल के जंगलमहल में ”रथयात्रा” निकलने की योजना है। झरगाम के जंबानी में मंगलवार को एक कार्यक्रम था। ममता ने इसमें सीधे भाजपा का नाम तो नहीं लिया, लेकिन इशारों-इशारों में उसपर टिप्पणी करते हुए लोगों से भाजपा को आगाह करते हुए कहा – ”उन (भाजपा) पर  भरोसा न करें, वे अपने भगवान (श्रीराम) को बेचकर जी रहे हैं।”
ममता ने आरोप लगाया कि ये लोग (भाजपा) पड़ोसी राज्य झारखंड से माओवादियों की मदद ले रही है  और दिक्कत पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को देखिए (जहाँ भाजपा की सरकार है), जहाँ रोज लोग मर रहे हैं। ”वे (भाजपा सरकार) माओवादियों को नियंत्रित करने में असफल रहे हैं। वे चाहते हैं कि माओवादी हमारे राज्य की लाभकारी योजनाओं को नुकसान पहुंचाएं और शांति भंग करें।”
पहले भी ममता भाजपा पर करारे हमले करती रही हैं। वे भाजपा के बंगाल में पाँव पसारने के प्रति चौकन्नी दिखती हैं और जनता के बीच जाकर भाजपा को साम्प्रदायक बताकर घेरने की कोइ कोशिश नहीं छोड़ रहीं। जंबानी के कार्यक्रम में ममता ने कहा – ”वे एक राम मंदिर बनाने की बात करते रहे हैं और जयश्रीराम का इस्तेमाल तोड़ने (जनता को)  के लिए करते हैं। वे दरअसल रावण की पूजा करते हैं और आग भड़काने के लिए इसे ही पहले मानते हैं।”
ममता ने कहा कि ”हमारे पास हमारी अपनी देवी दुर्गा हैं। हम मां काली और गणपति की पूजा करते हैं। लेकिन हम उन भगवानों को बेचते नहीं, जिनकी हम घर में पूजा करते हैं।” ममता ने भाजपा  नेताओं को घेरते हुए कहा कि ये लोग कहां थे, जब हमारी बेल्ट में हालात बिगड़े हुए थे। ”मैं कई बार लालगढ़ आई लेकिन इनमें से किसी ने यहां आने की हिम्मत नहीं जुटाई।” ममता ने भाजपा पर धर्म और जाति के आधार पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया और कहा – ”मैं सबुजश्री लड़कों से कहूंगी कि उनकी पहचान करें। उनके पास मत जाइए जो अपने फायदे के लिए समाज को बांटना चाहते हैं। ये लोग आपके पास आधी रात में पैसों से भरे बैग लेकर आएंगे। पैसे ले लीजिए लेकिन इन्हें वोट मत दीजिएगा।”