भाजपा में सिर्फ गडकरी में दम : राहुल

गडकरी के 'देश सँभालने' वाले ब्यान पर कांग्रेस अध्यक्ष का ट्वीट

वरिष्ठ भाजपा नेता और मोदी सरकार में मंत्री नीतिन गडकरी के ब्यान आजकल विपक्षी नेताओं को बहुत रास आ रहे हैं। अब उनके एक ब्यान पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी  मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।

दरअसल गडकरी ने भाजपा के युवा संगठन के एक कार्यक्रम में कहा कि जो व्यक्ति अपना घर नहीं संभल सकता वह देश का ध्यान नहीं रख सकता।  उनके इस ब्यान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को गडकरी  की तारीफ की। उन्होंने ट्वीट किया- ”भाजपा में सिर्फ एक नेता में दम है। कृपया राफेल डील, किसानों के मुद्दे और संस्थानों को बर्बाद करने पर भी टिप्पणी करें।”

नागपुर में एबीवीपी के कार्यक्रम में कहा था – ”मैं कई लोगों से मिला, जो कहते हैं कि हमने अपना जीवन भाजपा और देश के लिए समर्पित कर दिया। तब मैंने पूछा तुम क्या करते हो और घर में सब कैसे हैं। उसने कहा कि दुकान ठीक नहीं चल रही थी तो मैंने उसे बंद कर दिया। घर में पत्नी और बच्चे हैं। फिर मैंने उससे कहा कि पहले अपना घर और बच्चों को संभालो। इसके बाद पार्टी और देश के लिए काम करो।”

गडकरी ने कहा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पहले अपनी घरेलू जिम्मेदारियां निभानी चाहिए, क्योंकि जो ऐसा नहीं कर सकता, वो देश का ध्यान नहीं रख सकता। इससे पहले भी गडकरी के कुछ बयानों को अप्रत्यक्ष रूप से पीएम मोदी पर निशाने के रूप में देखा गया है। यह भी कहा गया है कि गडकरी क्योंकि आरएसएस के बहुत नजदीकी माने जाते हैं लिहाज़ा उनके बयानों को खारिज नहीं किया जा सकता।

गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में गडकरी और राहुल साथ-साथ बैठे और दोनों को गुफ्तगू करते देखा गया था। गडकरी हाल ही में इंदिरा गांधी और जवाहर लाल नेहरू की भी तारीफ़ कर चुके हैं।