भाजपा की ६ नामों की एक और सूची

मंत्री बिरेंदर सिंह ने बेटे को टिकट के बाद पद छोड़ा

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है जिनमें केंद्रीय मंत्री बिरेंदर सिंह के बेटे को भी टिकट दिया गया है। खबर है कि बेटे को टिकट के बाद मंत्री पिता ने इस्तीफा दे दिया है ताकि उनपर परिवारवाद का आरोप न लगे।
भाजपा ने आज जिन छह प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है उनमें मध्य प्रदेश में खजुराहो से बिष्णु दत्त शर्मा, रतलाम से जीएस दामोर और धार से छत्तर सिंह दरबार का नाम शामिल है। उधर राजस्थान के दौसा से जसकौर मीणा को टिकट दिया गया है जबकि पश्चिम बंगाल में विधानसभा उपचुनाव के लिए एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा भी की है।
भाजपा की सूची में हरियाणा के हिसार से बृजेंद्र सिंह को टिकट दिया गया है। बृजेंद्र सिंह केंद्रीय इस्पात मंत्री बिरेंदर सिंह के बेटे हैं और सिविल सेवा के अधिकारी हैं। इस बीच सूचना है कि बिरेंदर सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। बिरेंदर सिंह २०१४ के लोक सभा चुनाव से पहले तक ४२ साल कांग्रेस में रहे और इस्तीफे के वक्त राज्यसभा सदस्य थे। उन्हें हरियाणा के मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जाता था। लेकिन भूपेंदर सिंह हुड्डा के कांग्रेस की तरफ से सीएम  बनने के बाद उनकी अपनी सम्भावना ख़त्म होती चली गयी जिसके बाद उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली थी।
भाजपा की सूची में हरियाणा के हिसार से बृजेंद्र सिंह और रोहतक से अरविंद शर्मा को टिकट दिया गया है। बृजेंद्र सिंह (४७) आईएएस अधिकारी हैं। बृजेंद्र के पिता बिरेंदर  सिंह राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल २०२२ तक रहेगा।