भाजपा की तीसरी सूची में ३६ नाम


भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है।  उसकी दूसरी सूची में सिर्फ एक नाम था लेकिन तेस्री सूची में ३६ उम्मीदवारों के नाम हैं।
पार्टी ने तीसरी लिस्ट में आंध्र प्रदेश की २३, महाराष्ट्र की ६, ओडिशा की ५, मेघालय की एक और असम की एक सीट पर उम्मीदवार घोषित किये हैं। भाजपा इससे पहले लोकसभा चुनाव के लिए दो और सूचियां जारी कर चुकी है। पहली सूची में १८४ सीटों पर उम्मीदवारों जबकि दूसरी सूची में सिर्फ एक नाम शामिल था। तीसरी सूची में  भाजपा ने ओडिशा के पुरी से अपने प्रवक्ता संबित पात्रा को टिकट दिया है।
भाजपा ने देर रात इन ३६ उम्मीदवारों की सूची घोषित की। शाम को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने लोकसभा चुनाव के लिये और उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिये बैठक की थी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह समेत पार्टी के कई शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, गुजरात और गोवा में पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय करने पर भी चर्चा हुई। पहली सूची में भाजपा पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जैसे नाम घोषित कर चुकी है। जबकि पार्टी ने दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी को टिकट नहीं दिया है। मुरली मनोहर जोशी भी अभी तक किसी सूची में नहीं हैं जिससे साफ़ लगता है कि उन्हें भी टिकट नहीं मिलेगा। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से और नितिन गडकरी नागपुर से चुनाव लड़ेंगे।
तीसरी सूची में गिरीश बापट को महाराष्ट्र के पुणे से टिकट दिया गया है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करने के साथ ही आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर ५१ उम्मीदवारों की सूची भी की है। साथ ही ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए २२ उम्मीदवारों की सूची भी पार्टी ने जारी की है। तीसरी सूची जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा – ”हम ३६ और उम्मीदवारों की सूची लेकर आए हैं, जिनमें ओडिशा के भाजपा अध्यक्ष बसंत पांडा, वरिष्ठ नेता सुरेश पुजारी और हमारे प्रवक्ता संबित पात्रा का नाम शामिल है। हम पहले और दूसरे चरण के उम्मीदवारों के नाम जल्द से जल्द घोषित करना चाहते हैं और हम इस पर काम कर रहे हैं।”