बुलंदशहर मामले में एक फौजी का नाम

इन्स्पेक्टर का हत्या आरोपी बताया, गिरफ्तारी के लिए पुलिस जम्मू रवाना

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के चिन्गरावठी गांव में तीन दिसंबर को गोकशी के शक में भड़की हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आया है। इस हत्या में अब छुट्टी पर आये सेना के एक जवान को नामजद किया गया है जो जम्मू का रहने वाला बताया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस इस सैनिक – जीतू फौजी – को गिरफ्तार करने के लिए जम्मू गयी है। अब यह जानकारी भी सामने आई है कि छुट्टी पर आए फौजी ने कथित तौर पर अवैध हथियार से इंस्पेक्टर सुबोध को गोली मारी थी। वारदात के बाद फौजी जम्मू भाग गया और पुलिस  उसकी गिरफ्तारी के लिए वहां  दबिश दे रही है।
इस हत्या के बाद वायरल हुए वीडियो में भी फौजी के अवैध कट्टे के साथ दिखने का दावा किया गया है। वीडियो को पुलिस ने अपने दावे का आधार बनाया है और उसी दिशा में जांच कर रही है। दावा किया गया है कि पुलिस को एक वीडियो मिला है जिसमें फौजी गोली चलाता दिख रहा है। इसका प्रमाण मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जम्मू में फौजी की यूनिट के अधिकारियों से बात की।
खबर है कि अतिरिक्त पुलिस प्रमुख (एडीजी) इंटेलीजेंस एसपी शिरोडकर ने इस मामले से जुडी जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सुपुर्द कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक इंस्पेक्टर सुबोध और सुमित की मौत एक ही बोर की गोली से हुई है। रिपोर्ट में इस घटना को ”सुनियोजित” बताया गया है।