बिहार में गठबंधन की उलझने ख़त्म

तेजस्वी ने सीटों की घोषणा की, पटना साहिब कांग्रेस के हिस्से

कुछ दिन की उठा-पटक के बाद आखिर बिहार में महागठबंधन ने शुक्रवार को एकता दिखाते हुए अपने सीट बंटवारे की घोषणा कर दी। इस बार सीटों की घोषणा करने  प्रेस कांफ्रेंस में खुद पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव आये और साफ़ किया कि गठबंधन को लेकर विपक्ष जो बातें फैला रहा था उसमें कोइ सच्चाई नहीं है। पटना साहिब की लोक सभा सीट कांग्रेस के हिस्से में आई है जिससे साफ़ हो गया है कि वहां से पार्टी टिकट पर सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ही लड़ेंगे जो ६ अप्रैल को विधिवत कांग्रेस में शामिल होंगे।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कांग्रेस में सीटों के बंटवारे का विवाद सुलझाने के बाद जो तस्वीर बनी है उसके मुताबिक सुपौल और पटना साहिब लोकसभा सीटें  कांग्रेस के खाते में गयी है जबकि पाटलिपुत्र, दरभंगा, सारण और बेगूसराय सीट आरजेडी के हिस्से में रही हैं। सीवान, महाराजगंज, बक्सर, जहानाबाद और गोपालगंज सीट भी लालू प्रसाद यादव की आरजेडी को लड़ने के लिए मिली हैं।
पटना में शुक्रवार को एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने लोकसभा सीटों को लेकर हिस्सेदारी का ऐलान किया। आरजेडी  को मिलीं १९ सीटों में भागलपुर, बांका, मधेपुरा, दरभंगा, वैशाली, गोपालगंज, सीवान, महाराजगंज, सारण, हाजीपुर, बेगूसराय, पाटलिपुत्र, बक्सर, जहानाबाद, नवादा, झंझारपुर, अररिया, सीतामढ़ी, शिवहर शामिल हैं जबकि कांग्रेस के हिस्से जो ९ सीटें आई हैं वे किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, समस्तीपुर, मुंगेर, पटना साहिब, सासाराम, वाल्मीकि नगर, सुपौल हैं।
महागठबंधन के अन्य हिस्सेदारों को जो १२ सीटें मिली हैं उनमें आरएलएसपी की ५  सीटें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, उजियारपुर, काराकाट, जमुई होंगी। इसी तरह हम की तीन सीटों में नालंदा, औरंगाबाद और गया, वीआईपी की तीन सीटों में मधुबनी, मुजफ्फरपुर, खगड़िया और सीपीआई (एमएल) के हिस्से आरा की सीट आई है।
आरजेडी  उम्मीदवार भी  हैं जिनमें भागलपुर में बुलो मंडल, मधेपुरा में शरद यादव, बांका में जयप्रकाश नारायण यादव, दरभंगा अब्दुल बारी सिद्दीकी, वैशाली रघुवंश प्रसाद सिंह, गोपालगंज सुरेंद्र राम, सीवान हिना सहाब, महाराजगंज रणधीर सिंह,
सारण चंद्रिका राय, हाजीपुर शिवचंद्र राम, बेगूसराय तनवीर हसन, पाटलिपुत्र मीसा भारती, बक्सर जगदानंद सिंह, जहानाबाद सुरेंद्र यादव, झंझारपुर गुलाब यादव,
नवादा विभा देवी, अररिया सरफराज आलम और सीतामढ़ी से अर्जुन राय के नाम शामिल हैं। शिवहर सीट से आरजेडी उम्मीदवार का नाम बाद में घोषित किया जाएगा।
वीआईपी के हिस्से में आई मधुबनी लोकसभा सीट पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान भी बाद में होगा। वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी खगड़िया और मुजफ्फरपुर से  राजभूषण चौधरी निषाद चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने भी शुक्रवार को बिहार की चार लोकसभा सीटों सुपौल (रंजीता रंजन), समस्तीपुर (डॉ. अशोक राम), सासाराम (मीरा कुमार) और मुंगेर (नीलम देवी) पर अपने उम्मीदवार होने की घोषणा की।
उधर प्रेस कांफ्रेंस में तेजस्वी ने कहा – ”महागठबंधन अटूट है और हमने पहले भी कहा है कि यह महागठबंधन जनता के दिलों का गठबंधन है। आने वाली लड़ाई संविधान बचाने की है। लोकतंत्र को बचाने की है। न्याय और अन्याय, सच और झूठ की लड़ाई है।”