बिहार मंत्रिमंडल का आज विस्तार, शाहनवाज सहित 17 विधायकों के मंत्री पद की शपथ की संभावना

बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में आज मंत्रिमंडल विस्तार होगा। जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन को भी मंत्री बनाया जा सकता है। मंत्रिमंडल में करीब 17 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.30 बजे राजभवन के राजेन्द्र मंडप में आयोजित होगा।

जानकारी के मुताबिक आज 17 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है  जिनमें 9 भाजपा और 8 जेडीयू के हो सकते हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा सरकार में 13 मंत्री हैं जिनमें जदयू के 4, भाजपा के 7, हम और वीआईपी कोटे का एक-एक मंत्री है।

‘तहलका’ की जानकारी के मुताबिक भाजपा की तरफ से वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन के अलावा नितिन नवीन, सम्राट चौधरी, सुभाष सिंह, आलोक रंजन, प्रमोद कुमार, जनकराम, नारायण प्रसाद, नीरज सिंह बबलू जबकि जेडीयू से श्रवण कुमार, लेसी सिंह, संजय झा, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, सुनील कुमार और मदन सहनी के नामों की चर्चा है। इनके अलावा महेश्वर हजारी का नाम भी चर्चा था।

बता दें बिहार विधानसभा में 243 सीटें हैं। ऐसे में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित कुल 36 मंत्री बन सकते हैं। अभी सीएम समेत 14 मंत्री हैं लिहाजा अभी 22 मंत्रियों के शामिल होने की गुंजाइश है। हालांकि, फिलहाल 4-5 मंत्रिपद खाली रखे जाने की संभावना है। दोपहर 12.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा।