बयान के विरोध में किसानों ने हिसार में भाजपा सांसद को घेरा, काले झंडे भी दिखाए

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। इस बीच शुक्रवार को हरियाणा के हिसार में शुक्रवार को भाजपा के सांसद रामचंद्र जांगड़ा को तब किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा जब वे एक धर्मशाला के शिलान्यास के लिए वहां पहुंचे थे। जांगड़ा ने कुछ समय पहले किसानों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था जिससे वे बहुत खफा थे।

उधर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने जब सांसद की गाड़ी पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया तो सांसद के सुरक्षा कर्मियों ने बल का प्रयोग किया और कुछ किसानों को हिरासत में ले लिया। किसानों का आरोप में सुरक्षा कर्मियों की कार्रवाई में कुछ किसान घायल हुए हैं। किसानों ने सांसद को काले झंडे भी दिखाए।

जानकारी के मुताबिक हिसार में भाजपा के राज्य सभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा एक धर्मशाला का शिलान्यास करने आये थे। किसानों ने उनका विरोध किया और नारे लगाए। किसान मांग कर रहे थे कि तीन कृषि क़ानून वापस लिए जाएँ। इस बीच किसानों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया। इस पर सांसद की   सुरक्षा के लिए मौजूद पुलिस ने बल का प्रयोग किया। कुछ किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने जांगड़ा को काले झंडे भी दिखाए। किसानों के गुस्से को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने सांसद को सुरक्षित बाहर निकाला। वे उन्हें अलग रास्ते से बचाकर कार्यक्रम स्थल तक ले गए। यह घटना इसी कारण से हुई क्योंकि कुछ रोज  पहले सांसद ने किसानों के लिए कुछ ऐसे शब्द बोले थे जिससे उनमें बहुत गुस्सा था। किसान मांग कर रहे थे कि भाजपा सांसद को अपने अपशब्दों के लिए माफी मांगनी चाहिए।