फोन पर बम होने की खबर के बाद ताज महल खाली करवाया, युवक गिरफ्तार, जांच के बाद फिर खोला

बम होने की धमकी वाला फोन मिलने के बाद गुरुवार को प्रसिद्ध ताज महल को खाली करवा लिया गया। हालांकि वहां कुछ न मिलने के बाद अब इसे दोबारा सैलानियों के लिए खोल दिया गया है। फोन करने वाले युवक का पता लगा लिया गया है और आगरा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह यूपी पुलिस को आगरा में ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक फोन मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके कहा कि ताजमहल में बम है। सूचना मिलते ही पुलिस ने ताजमहल के गेट बंद कर दिए और सभी सैलानियों को बाहर निकाल लिया गया।
यह फोन पुलिस के 112 नंबर पर आया था जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि ताजमहल, लखनऊ और इलाहाबाद के कैंट एरिया में बम रखे गए हैं। इसके तुरंत बाद ताज महल को खाली करा लिया गया। पुलिस ने चप्पे-चप्पे की जांच की लेकिन वहां कुछ नहीं मिलने के बाद ताजमहल को पर्यटकों के लिए दोबारा खोल दिया गया।
पुलिस की जांच में पाया गया कि फिरोजाबाद के एक लड़के ने यह कॉल की थी और वह पुलिस या सेना की भर्ती रद्द होने से खफा था। फोन कॉल के बाद जब पुलिस ने नंबर को ट्रेस किया तो युवक का पता चला और हिरासत में ले लिया।
हालांकि, सुबह जब पुलिस को ताजमहल में एक बम रखे होने की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। आगरा के आईजी ने मीडिया को बताया कि फोन करने वाला बन्दा फिरोजबाद का है और पुलिस भर्ती रद्द होने से खफा था।