फिर ‘पोल पंडितों’ पर बरसे मोदी

केरल दौरे में गुरुवायूर में प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना

लगता है चुनाव में भाजपा के ३०३ सीटें जीतने से उत्साहित पीएम अभी भी
”राजनीतिक विश्लेषकों” से नाराज हैं। शनिवार को मोदी केरल की यात्रा पर हैं और वहां उन्होंने गुरुवायूर में प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। इस सम्वोधन में एक बार फिर मोदी ने ”पोल पंडितों” की खिल्ली उड़ाई।
दरअसल पोस्ट पोल सर्वेक्षणों में कुछ विश्लेषकों ने साधारण परिस्थितियों (एयर स्ट्राइक की लहर नहीं ) में चुनाव होने की स्थिति में भाजपा को २०० से कम सीटों पर सिमट जाने के अनुमान लगाए थे। चुनाव नतीजों के बाद भी बहुत से राजनीतिक जानकारों का मानना रहा है कि यह चुनाव पूरी तरह राष्ट्रवाद- एयर स्ट्राइक
के मुद्दे पर भाजपा ने लड़ा और बड़ी जीत हासिल की।
पीएम शनिवार सुबह गुरुवायूर पहुंचे जहां उन्होंने प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की। मोदी का हेलीकॉप्टर ९.५० पर श्री कृष्ण कॉलेज के मैदान में उतरा। प्रधानमंत्री कोच्चि नौसैन्य हवाईअड्डे से नौसेना के विशेष हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचे।
मंदिर में करीब एक घंटे के दर्शन के बाद मोदी ने भाजपा की केरल राज्य समिति के आयोजित अभिनंदन सभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि जनता का मूड कोई नहीं समझ पाया है। ”सभी पोल पंडित भी गलत साबित हुए। पूरे देश में लोकतंत्र का महाउत्सव मनाया गया। जनता जर्नादन ईश्वर का रूप है।”
पीएम ने कहा कि गुरुवायुर आना विशेष अनुभूति प्रदान करता है। गुजरात के लोगों का यहां से भावनात्मक रिश्त है। मेरे लिए जैसा वाराणसी है वैसा ही केरल है। केरल के लोगों का अभिनंदन हैं।”
इससे पहले मोदी शुक्रवार को कोच्चि पहुंचे। नौसैन्य हवाईअड्डे पर केरल के राज्यपाल पी सदाशिवम, केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन और राज्य के देवस्वम मंत्री कदकमपल्ली सुन्दरन ने उनका स्वागत किया। उन्होंने रात को कोच्चि के सरकारी अतिथि गृह में विश्राम किया।