प्रियंका गांधी ने मौनी अमावस्या पर संगम में डुबकी लगाई, खुद नाव चलाकर नदी के किनारे पहुंचीं

मौनी अमावस्या पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को संगम में डुबकी लगाई और खुद नाव चलाकर नदी के किनारे तक पहुंचीं। उन्होंने स्नान और पूजा-पाठ के बाद नाव की सैर की और उनके साथ अन्य लोग भी थे। प्रियंका को घाट पर देखने के लिए वहां काफी भीड़ जुट गयी। पूजा अर्चना के बाद प्रियंका नाव पर बैठीं और फिर कुछ देर बाद वह खुद नाव चलाने लगीं। इसका  वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है। वह दोनों हाथों से नाव के चप्पू पानी की धारा  में पूरी शिद्दत से खेती हुई दिख रही हैं। इस दौरान स्नान को आए लोग और आसपास नाव से सैर करने वाले कुछ पल के लिए ठहर कर तस्वीरें लेने लगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने इसका वीडियो शेयर किया है। बता दें प्रयागराज में संगम तट पर आज माघ मेले का तीसरा स्‍नान पर्व है। मौनी अमावस्‍या के मौके पर आधी रात के बाद से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। कोरोना गाइडलाइन के बीच श्रद्धालुओं ने आस्‍था की डुबकी लगाई।

इसे पहले आज प्रियंका गांधी मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर प्रयागराज पहुंचीं। वह सबसे पहले नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन गईं। उन्होंने अपने परदादा और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रियंका गांधी ने आनंद भवन स्थित अनाथालय में बच्चों के साथ भी कुछ पल बिताए। यहां वह एक बच्ची को गोद में लिए हुए नजर आईं।

प्रियंका के आने के बाद गेट पर भारी भीड़ को देखते हुए आनंद भवन के गेट को खोल दिया गया। कार्यकर्ता भी भीतर पहुँच गए, जिन्हें बाद में रोका गया। प्रियंका गांधी आज पांच घंटे प्रयागराज में रहीं। वह मनकामेश्वर मंदिर भी गईं।