प्रियंका गांधी को शिवसेना ने दी शुभकामनाएं, बीजेपी ने कसा तंज

प्रियंका गांधी के कांग्रेस महासचिव के तौर पर नियुक्ती को लेकर भले ही बीजेपी ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं लेकिन बीजेपी के मित्र दल शिवसेना ने प्रियंका के सक्रिय पोलिटिकल एंट्री पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत ने कहा,’ प्रियंका गांधी को लेकर उनके पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि वह पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाएं आखिर वह सक्रिय राजनीति में आ गईं। प्रियंका गांधी को उनकी इस नई भूमिका के लिए हमारी शुभकामनाएं।’

एक निजी न्यूज चैनल ‘रिपब्लिक’ पर प्रतिक्रिया देते हुए सावंत ने कहा कि प्रियंका का राजनीति में आना कांग्रेस का अंतर्गत मामला है। राजनीति में आना हर एक इंसान का अधिकार है। कांग्रेस नेतृत्व द्वारा प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में लाने की क्या वजह हो सकती है और आगे क्या होगा यह हम नहीं कह सकते।

प्रियंका गांधी की एंट्री पर पीएम नरेंद्र मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी है, जबकि हमारे यहां पार्टी ही परिवार है।

प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव बना कर उन्हें उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।याद रखने लायक है कि पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का चुनावी क्षेत्र वाराणसी और गोरखपुर इसी क्षेत्र के तहत है।माना जा रहा है कि ऐन लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका को पूर्वांचल की जिम्मेदारी देकर कांग्रेस ने लंबा दांव खेला है।