प्रणब मुखर्जी, मनमोहन, सोनिया ने इंदिरा जयंती पर शक्ति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की १०२वीं जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने इंदिरा गांधी की समाधि शक्ति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है।

कांग्रेस के नेताओं ने शक्ति स्थल पर मंगलवार सुबह इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी भी थे। इंदिरा गांधी ने लगातार तीन बार और कुल चार बार देश की बागडोर संभाली और वह देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री रहीं। उनके ही शासन काल में पूर्वी पाकिस्तान को तोड़कर बांग्लादेश बनाया गया था जिसके बाद   उन्हें ‘लौह महिला’ का खिताब दिया गया।

‘लौह महिला’ के नाम से ने जाने वालीं इंदिरा गांधी की जयंती पर पीएम मोदी ने ट्वीट किया है – ‘पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर मैं श्रद्धांजलि देता हूं।’ इस बीच महिला कांग्रेस देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दिल्ली के सभी १४ जिलों में ‘इंदिरा प्रियदर्शनी सम्मेलन’ आयोजित करेगी। पहला ऐसा सम्मेलन आज यानि १९ नवंबर को पटपड़गंज जिले में आयोजित किया जा रहा है।

इसका उद्घाटन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और पूर्व सांसद सुष्मिता देव करेंगी। यह जानकारी दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने दी।   जिला सम्मेलनों में पेशेवर डॉक्टर, वकील, अध्यापक और अन्य सम्मान प्राप्त महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। कांग्रेस की राज्य इकाइयां भी देश भर में इंदिरा गांधी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं।