प्रणब, कोविंद, राहुल सहित दिग्गजों ने डाला वोट

लोकसभा चुनाव २०१९ के छठे चरण के लिए रविवार को मतदान हो रहा है। आज पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित, विश्व कप जीतने वाली क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल सहित कई दिग्गजों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
यूपी की १४ सीटों सहित सात राज्यों की ५९ सीटों पर मतदान आज हो रहा है।  हरियाणा की सभी १०, दिल्ली की सभी सात सहित बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की ८-८, झारखंड की चार और यूपी की १४ सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इसके साथ ही ५४३ सदस्यीय लोकसभा की ४८३ सीटों का चुनाव पूरा हो जाएगा।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दिल्ली में के कामराज लेन के एनपी प्राइमरी स्कूल के बूथ में मतदान किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली में मतदान किया, उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के निर्माण भवन स्थिल पोलिंग बूथ पर पैदल पहुंचकर वोट डाला। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली के निर्माण भवन में बने मतदान केंद्र में वोट डाला। केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने नई दिल्ली के औरंगजेब लेन में मतदान किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने लोधी एस्टेट के सरदार पटेल विद्यालय जाकर मतदान किया। पूर्व क्रिकेटर कपिल देव दिल्ली के डीपीएस मथुरा रोड वाले मतदान केंद्र पर पत्नी रोमा देव और बेटी के साथ वोट डालने पहुंचे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइंस में वोट डाला।
गुना से कांग्रेस सांसद और उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी ग्वालियर में अपना वोट डाला। भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ने भी मतदान किया। प्रज्ञा के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
पूर्व क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से बीजेपी प्रत्याशी गौतम गंभीर पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार मनोज तिवारी ने यमुना विहार के मतदान केंद्र पर वोट डाला। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल के एक मतदान केंद्र पर वोटिंग की।
उधर केंद्रीय मंत्री और सुल्तानपुर से भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी की गठबंधन के उम्मीदवार सोनू सिंह से बहस हो गई। मेनका गांधी ने सोनू के समर्थकों पर वोटरों को धमकाने का आरोप लगाया था।