पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले भाजपा विधायक गिरफ्तार

पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के आरोप झेल रहे तेलंगाना के भाजपा विधायक राजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें हैदराबाद में गिरफ्तार और पार्टी से निलंबित किया गया है।

जानकारी के मुताबिक हैदराबाद दक्षिण क्षेत्र की पुलिस ने कहा कि विधायक को धार्मिक आस्था के अपमान से संबंधित कानून की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। राजा सिंह पर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी।

यह मामला तब सामने आया जब राजा का एक वीडियो वायरल हो गया। यह वीडियो जारी होते ही सोमवार रात शहर के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद के कार्यालय और हैदराबाद के अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे, जिसके बाद मामला दर्ज कर ये कार्रवाई हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजा सिंह ने समुदाय की भावनाओं को आहत किया है। वे विधायक की गिरफ्तारी की भी मांग रहे थे। अब विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हैदराबाद के गोशामहल से विधायक टी राजा सिंह को शुक्रवार पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया था जब उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के शो को रद्द करने के लिए करीब 50 समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की कोशिश की थी।