पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह का कांग्रेस से इस्तीफा, भाजपा में जाएंगे

झारखंड के प्रभारी महासचिव वरिष्ठ कांग्रेस नेता आरपीएन (रतनजीत प्रताप नारायण) सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चर्चा है कि वे दलबदल करके भाजपा में जा रहे हैं। सिंह ने पार्टी अध्यक्ष  सोनिया गांधी को इस्तीफा भेज दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा अपना इस्तीफा सिंह ने अपने टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किया है। इसमें आरपीएन ने लिखा – ‘आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं।’

सोनिया गांधी को लिखे पत्र में सिंह ने लिखा – ‘मैं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तुरंत इस्तीफा देता हूं। देश, लोग और पार्टी की सेवा करने की मौका देने के लिए शुक्रिया।’ बता दें मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में सिंह मंत्री थे।

आरपीएन सिंह 1996, 2002 और 2007 में पडरौना विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे जबकि साल 1999 के लोकसभा चुनाव में आरपीएन सिंह तीसरे स्थान पर रहे थे।

साल 2004 में वे दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि 2009 के लोकसभा चुनाव में सिंह चुनाव जीतकर यूपीए-2 सरकार में भूतल परिवहन और  सड़क राज्यमार्ग राज्यमंत्री, पेट्रोलियम राज्य मंत्री और गृह राज्य मंत्री रहे। साल 2014 का लोकसभा चुनाव आरपीएन सिंह हार गए थे।