पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के नए सीएम, राज्यपाल से मिले  

पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा आलाकमान की पसंद धामी को भाजपा विधायक दल ने औपचारिक रूप से शनिवार शाम अपना नेता चुना।  नेता चुने जाने के बाद धामी राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मिले हैं और वे आज या कल शपथ ग्रहण कर सकते हैं।
सुबह से चर्चा थी कि भाजपा आलाकमान ने पर्यवेक्षकों नरेंद्र तोमार और पुरंदेश्वरी को अपनी पसंद बता दी है और विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी की जाएगी। उनके नाम की अन्य नामों के साथ चर्चा भी थी। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सतपाल महाराज और धन सिंह रावत जैसे वरिष्ठ नेता भी थे। धामी को पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी का बेहद करीबी माना जाता है और एक समय में उनके ओएसडी भी रहे हैं।
धामी उत्तराखंड भाजपा में युवा नेता हैं। धामी का जन्म पिथौरागढ़ के टुंडी गांव में हुआ और वे ऊधम सिंह नगर के खटीमा विधानसभा हलके से पिछले चुनाव में दूसरी बार विधायक बने थे। धामी को चुने जाने की एक और बजह उनकी आरएसएस की पृष्ठभूमि होना है।
छात्र राजनीति के समय धामी एबीवीपी के कई अहम पदों पर रहे। यही नहीं वे दो  बार भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। धामी के नाम का एलान निवर्तमान मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया और सभी विधायकों ने हाट खड़े करके उनका समर्थन किया।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद धामी ने पहली प्रतिक्रिया में कहा – ‘मेरी पार्टी ने एक सामान्य से कार्यकर्ता को सेवा का अवसर दिया है। जनता के मुद्दों पर हम सबका सहयोग लेकर काम करेंगे।’ उत्तराखंड के गठन के 20 साल में अब तक 10 मुख्यमंत्री बन चुके हैं। धामी संभवता राज्य के सबसे कम उम्र के सीएम होंगे।