पुण्यतिथि पर बापू को याद किया

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ७२वीं पुण्यतिथि पर आज देश उनको याद कर रहा है। पीएम  नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने गुरुवार सुबह राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर राजघाट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी और अन्य भी पस्थित थे। महात्मा गांधी की ३० जनवरी, १९४८  को दिल्ली के बिड़ला हाउस में प्रार्थना सभा के लिए जाते हुए महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई थी।

इससे पहले सुबह पीएम मोदी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर बापू को याद किया। मोदी ने ट्वीट में लिखा – ”राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। पूज्य बापू के व्यक्तित्व, विचार और आदर्श हमें सशक्त, सक्षम और समृद्ध न्यू इंडिया के निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”

उधर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी एक वीडियो ट्वीट कर महात्मा गांधी को नमन किया। प्रियंका ने लिखा – ”बापू तुम जिंदा हो, खेतों में खलिहानों में न्याय, सत्य और प्रेम के अरमानों में # महात्मा गांधी।

इस बीच दिल्ली में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ राजघाट पर सैकड़ों स्टूडेंट यूनियन मिलकर एक मानव श्रृंखला बनाएंगे और एकता का परिचय देंगे। वहीं यशवंत सिन्हा की गांधी यात्रा का समापन भी आज राजघाट पर होगा।